ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में नौकरानी पर 14 लाख की जेवर चोरी का आरोप, घरेलू सहायिकाएं ने किया हंगामा

top-news
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला, जांच जारी

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित एटीएस डाल्से सोसायटी में सोमवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक परिवार ने अपनी घरेलू सहायिका पर 14 लाख रुपये के सोने के जेवर चोरी करने का आरोप लगाया। आरोप लगते ही अन्य घरेलू सहायिकाएं सोसायटी गेट पर एकत्र हो गईं और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

सोसायटी में मचा हंगामा
एटा जिले के गांव मरौली मलावन निवासी राहुल यादव अपने परिवार के साथ एटीएस डाल्से सोसायटी में रहते हैं। राहुल यादव ने शिकायत दी है कि उनके घर से 14 लाख रुपये के सोने के जेवर चोरी हो गए हैं और इसके पीछे उनके घर में काम करने वाली नौकरानी का हाथ है। पीड़ित परिवार ने सोमवार सुबह घरेलू सहायिका को पूछताछ के लिए सोसायटी में बुलाया। जैसे ही अन्य नौकरानियों को इसकी जानकारी मिली, वे बड़ी संख्या में सोसायटी गेट पर पहुंच गईं। महिलाओं ने आरोप लगाने वाले परिवार पर गलत आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि घरेलू सहायिका निर्दोष है और उसके साथ अन्याय किया जा रहा है।

घरेलू सहायिका ने किया आरोपों से इनकार
आरोपित महिला ने बताया कि वह केवल झाड़ू-पोंछा और सामान्य घरेलू कार्य करती है। वह रोजाना करीब आधे घंटे के लिए घर आती है और काम खत्म होते ही बाहर चली जाती है। बाहर निकलते समय सोसायटी गेट पर सुरक्षा जांच भी की जाती है। महिला का कहना है कि राहुल यादव के घर में अक्सर उनके दोस्त और रिश्तेदार आते-जाते रहते हैं, कई बार रात में भी रुकते हैं। ऐसे में चोरी का आरोप बेबुनियाद है।

पुलिस ने किया मामला शांत, जांच जारी
घटना की सूचना पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने पीड़ित परिवार से लिखित शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। मामले की गहराई से जांच की जाएगी और तथ्य सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *