नोएडा में ‘राह-वीर’ योजना लागू, सड़क हादसों के बाद घायलों की मदद करने पर मिलेगा 25 हजार इनाम

top-news
नोएडा में सड़क हादसों के बाद घायलों की मदद करने वालों को मिलेगा ‘राह-वीर’ सम्मान

Noida: सड़क हादसों में घायलों की जान बचाने के लिए आगे आने वाले जागरूक नागरिकों को अब नोएडा में ‘राह-वीर’ योजना के तहत सम्मानित किया जाएगा। परिवहन विभाग की इस पहल का उद्देश्य हादसों के बाद के गोल्डन आवर  यानी पहले एक घंटे  में घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाना है।

परिवहन आयुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग ने इस योजना के क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत, यदि कोई व्यक्ति सड़क हादसे में घायल को ट्रामा सेंटर या किसी अस्पताल तक पहुंचाता है, तो राज्य सरकार उसकी सराहना करते हुए उसे ‘राह-वीर’ का सम्मान देगी। यह सम्मान उस स्थिति में भी मिलेगा, जब घायल व्यक्ति की बाद में मृत्यु हो जाए। शासन का स्पष्ट निर्देश है कि यदि मौत की वजह सड़क दुर्घटना है, तो मददगार व्यक्ति को ‘राह-वीर’ का दर्जा दिया जाएगा।

जागरूकता और कानूनी सुरक्षा पर जोर
एआरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि ‘राह-वीर योजना’ का उद्देश्य आम जनता को हादसों के दौरान मदद करने के लिए प्रेरित करना है। कई बार लोग कानूनी परेशानियों या पुलिस पूछताछ के डर से घायलों की मदद नहीं करते। ऐसे में सरकार ने मददगारों को कानूनी सुरक्षा प्रदान की है, ताकि कोई व्यक्ति सहायता करने में झिझके नहीं।

इनाम राशि पांच गुना बढ़ी
पहले सड़क हादसों के घायलों को ‘गोल्डन आवर’ में अस्पताल पहुंचाने पर 5,000 रुपये का इनाम मिलता था। अब इस इनाम राशि को बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया गया है। वहीं, अगर कोई बड़ी दुर्घटना राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आती है, तो उसमें सहायता करने वाले राह-वीर को 1 लाख रुपये तक का इनाम दिया जा सकता है।

कौन बन सकता है राह-वीर?
कोई भी आम नागरिक जो सड़क हादसे के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद करता है।
गंभीर मामलों में, जैसे सिर, रीढ़ की हड्डी की चोट या सर्जरी की स्थिति में सहायता करना विशेष रूप से सराहनीय माना जाएगा।
पुलिस और मेडिकल रिपोर्ट में हादसे की पुष्टि आवश्यक होगी।


नोएडा में सड़क हादसे और मौतों के आंकड़े
वर्ष        हादसे मौतें
2021 798         368
2022 1,122 437
2023 1,176 470
2024 853         331

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *