नोएडा की सोसाइटी की लिफ्ट में फन फैलाए बैठा था काला कोबरा, दरवाजा खुलते ही लोगों के उड़े होश
गोल्डन पाम सोसाइटी में लिफ्ट के अंदर निकला कोबरा
- Shiv Kumar
- 07 Oct, 2025
Noida: बारिश खत्म होते ही शहर की सोसाइटियों में सांप निकलने की घटनाएं तेजी से बढ़ गई हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से निवासी दहशत में हैं। नमी, झाड़ियां और खुले प्लॉटों में उगी घास के कारण सांपों की आवाजाही बढ़ी है। लोग प्रशासन से सफाई और सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
ताजा मामला सेक्टर-168 स्थित गोल्डन पाम सोसाइटी का है, जहां रविवार सुबह एक जहरीला कोबरा सांप लिफ्ट के अंदर घुस आया। लिफ्ट में सांप को देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए और शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागे। घटना के बाद सोसाइटी में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची और सूझबूझ से रेस्क्यू अभियान चलाकर कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। टीम के अनुसार यह कोबरा प्रजाति का अत्यंत विषैला सांप था, हालांकि किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। सांप को बाद में पास के वेटलैंड क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
लोगों में दहशत, वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें कोबरा को लिफ्ट के फर्श पर सरकते हुए देखा जा सकता है। यह घटना सोसाइटी के एल टावर की लिफ्ट में हुई। आसपास के क्षेत्र में हरियाली, नाला और अधूरा हाउसिंग प्रोजेक्ट होने के कारण सांपों के घुसने का खतरा बना हुआ है। निवासियों का कहना है कि प्रशासन और बिल्डर को आसपास सफाई और झाड़ियों की कटाई पर ध्यान देना चाहिए। इसी तरह सेक्टर-122 की एक सोसाइटी में भी हाल ही में एक सांप देखा गया है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
अभी तक 50 सांप निकल चुके हैं
गोल्डन पाम सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष डॉ. उमेश शर्मा ने बताया कि इस मौसम में अब तक करीब 50 सांप निकल चुके हैं। उन्होंने कहा कि कई खाली पड़े प्लॉटों पर लोगों ने कब्जा कर रखा है, जहां घनी झाड़ियां उग आई हैं। यही झाड़ियां सांपों और अन्य कीड़े-मकोड़ों का ठिकाना बन चुकी हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






