यमुना प्राधिकरण मास्टर प्लान 2041; आवासीय और अन्य परियोजनाओं के लिए जमीन खरीद शुरू

top-news
भूमि अधिग्रहण कानून की लंबी प्रक्रिया से बचने के लिए प्राधिकरण सहमति से जमीन खरीदने को प्राथमिकता दे रहा है।

Greater Noida: यमुना प्राधिकरण आवासीय और अन्य श्रेणी की परियोजनाओं के लिए जमीन की कमी दूर करने में तेजी से काम कर रहा है। मास्टर प्लान-2041 के तहत नियोजित नए सेक्टरों के लिए किसानों से सहमति के आधार पर भूमि क्रय की प्रक्रिया चल रही है। फिल्म सिटी समेत अन्य बड़ी परियोजनाओं के लिए भी शेष जमीन अधिग्रहण का कार्य प्राधिकरण की प्राथमिकता में है।

बढ़ती मांग के बीच भूमि बैंक तैयार
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक भूखंडों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही आवासीय और वाणिज्यिक श्रेणी में भी बड़ी संख्या में आवेदन आ रहे हैं। मास्टर प्लान-2021 के अंतर्गत अधिकांश सेक्टरों की जमीन पहले ही आवंटित की जा चुकी है। अब मास्टर प्लान-2041 में प्रस्तावित सेक्टरों के लिए लैंड बैंक तैयार किया जा रहा है। भूमि अधिग्रहण कानून की लंबी प्रक्रिया से बचने के लिए प्राधिकरण सहमति से जमीन खरीदने को प्राथमिकता दे रहा है।

इन सेक्टरों में हो रहा भूमि क्रय
प्राधिकरण फिलहाल सेक्टर-5, 8, 8डी, 9 और 11 में जमीन खरीद रहा है। इनमें सेक्टर-11 से फाजिलपुर, सेक्टर-8 में दस्तमपुर, ढुढेरा, रन्हेरा, सेक्टर-5 से कलूपुरा और भीकनपुर गांव की जमीन शामिल है। सेक्टर-13 के लिए उटरावली और सेक्टर-9 के लिए आकलपुर गांव की भूमि ली जाएगी। वहीं सेक्टर-34 में भुन्नातगा गांव के किसानों से सहमति के आधार पर जमीन खरीदी जाएगी। इन नए सेक्टरों में फिनटेक सिटी जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का विकास प्रस्तावित है। साथ ही सेक्टर-21 में फिल्म सिटी के लिए बची हुई जमीन के क्रय की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

मेहंदीपुर के किसानों को मिलेगा अंतर मुआवजा
सेक्टर-28 में होटल भूखंड योजना के तहत आवंटन किया गया था। इस योजना से प्रभावित मेहंदीपुर गांव के किसानों को प्राधिकरण शीघ्र ही मुआवजे की अंतर धनराशि उपलब्ध कराएगा। प्राधिकरण के अनुसार, मौजूदा आवंटन दर 4300 रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *