ईकोटेक-16 सेक्टर में विकास कार्यों को रफ्तार, 42 करोड़ की लागत से बनेंगी तीन पेरीफेरल सड़कें

top-news
उद्यमियों को मिलेगा भूखंडों पर कब्जा, स्थानीय लोगों को बेहतर संपर्क

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ईकोटेक-16 सेक्टर में विकास कार्यों को रफ्तार मिलने जा रही है। सुनपुरा और धूम मानिकपुर गांवों की भूमि पर विकसित हो रहे इस औद्योगिक सेक्टर में प्राधिकरण तीन नई पेरीफेरल सड़कों का निर्माण कराने जा रहा है। लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ये सड़कें क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई दिशा देंगी।


तीन पेरीफेरल रोड से सुधरेगी पहुंच

यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, जमीन विवादों के कारण अब तक विकास कार्य रुके हुए थे। अब विवाद सुलझने के बाद 24 मीटर, 60 मीटर और 80 मीटर चौड़ी तीन पेरीफेरल रोड बनाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। इनमें 60 और 80 मीटर चौड़ी सड़कों पर सर्विस लेन भी बनाई जाएगी। इन सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, और अगले महीने कार्य प्रारंभ करने की तैयारी है।


उद्योगों और स्थानीय लोगों दोनों को लाभ
निर्माण कार्य को लगभग दो वर्ष में पूरा किया जाएगा। साथ ही, ठेकेदार एजेंसी को पांच साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी दी जाएगी ताकि सड़कें बनने के बाद लंबे समय तक बेहतर स्थिति में बनी रहें। इन सड़कों के तैयार होने से यह क्षेत्र सीधे 130 मीटर रोड और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगा, जिससे आवागमन बेहद सुगम होगा। सड़कों के निर्माण के बाद उद्यमियों को अपने भूखंडों का कब्जा मिल सकेगा, जिससे औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की प्रक्रिया तेज होगी। साथ ही, स्थानीय निवासियों को बेहतर सड़क नेटवर्क और रोजगार के अवसरों का लाभ मिलेगा।


नॉलेज पार्क-5 और म्यू-1 में भी विकास कार्य

ग्रेनो वेस्ट के नॉलेज पार्क-5 स्थित मिनी डी पार्क का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस कार्य पर लगभग 21 लाख रुपये खर्च होंगे और रखरखाव की जिम्मेदारी तीन वर्षों तक एक ही एजेंसी को दी जाएगी। इसके अलावा, सेक्टर म्यू-1 की सर्विस लेन पर ग्रीनबेल्ट विकसित की जाएगी, जिसके लिए प्राधिकरण लगभग 46 लाख रुपये खर्च करेगा। इन परियोजनाओं से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के औद्योगिक और शहरी विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *