नोएडा में दीपावली पर मिलावटखोरों पर शिकंजा, फूड विभाग ने 1100 किलो मिठाई कराई नष्ट
- Shiv Kumar
- 09 Oct, 2025
Noida: दीपावली पर्व के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर में उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर विभागीय टीमों ने जिलेभर में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत मिठाई, नमकीन और पेय पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री स्थलों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
नोएडा में रमा शंकर मिठाई निर्माणशाला पर छापा
सहायक आयुक्त (खाद्य-द्वितीय) सर्वेश मिश्रा ने बताया कि मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में टीम ने सेक्टर-115 नोएडा स्थित रमा शंकर मिठाई निर्माणशाला पर छापेमारी की। जांच में पाया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई के लिए मिठाइयों का निर्माण अत्यंत अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर वातावरण में किया जा रहा था। निर्माणशाला से भारी मात्रा में प्रदूषित मिठाइयां बूंदी के लड्डू, मोहन बर्फी, मोहन केक, मोहन पेड़ा, पत्तीसा और कच्ची बर्फी बरामद की गईं। टीम ने मौके से छह नमूने जांच हेतु संग्रहित किए, जबकि लगभग 1100 किलोग्राम मिठाई का मौके पर ही विनष्टीकरण (नष्ट) कराया गया। आरोपी पुरानी मिठाई को दोबारा से नई मिठाई बनाकर बाजार में बेच रहा था।
नमकीन भंडार और स्वीट्स शॉप पर भी कार्रवाई
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, मालती, विशाल गुप्ता और विजय बहादुर पटेल की टीम ने लखनावली सूरजपुर स्थित वीरेंद्र नमकीन भंडार पर छापा मारा। टीम ने यहां से 38 किलोग्राम नमकीन सीज की और एक नमूना जांच के लिए लिया। वहीं चेहरपुर खादर स्थित रामाशीष स्वीट्स से पेड़ा का एक नमूना भी एकत्र किया गया। इस प्रकार कुल आठ नमूने विभिन्न प्रतिष्ठानों से एकत्र कर प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे गए हैं।
दीपावली तक चलेगा अभियान, दोषियों पर सख्त कार्रवाई
सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार यह अभियान दीपावली तक जारी रहेगा। विभाग मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री तैयार करने या बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई करेगा। उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ मिलें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधोमानक उत्पाद बेचने वालों पर जुर्माना, पंजीकरण निरस्तीकरण और लाइसेंस रद्द करने जैसे कदम उठाए जाएंगे, ताकि जिले के उपभोक्ताओं तक केवल सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही पहुंचे।
पिछले अभियानों में भी कई कार्रवाई
सर्वेश मिश्रा ने बताया कि त्योहारों के सीजन में मांग बढ़ने से मिलावट और अधोमानक उत्पादों का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए विभाग हर साल विशेष अभियान चलाता है। इस वर्ष होली के दौरान विभाग ने 63 नमूने लिए थे, जिनमें 2447 मामलों की जांच के बाद अधोमानक खाद्य पदार्थ सीज किए गए और 50 किलो से अधिक खोवा नष्ट कराया गया था। अप्रैल से सितंबर 2025 के बीच जिले में कुल 495 नमूने विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए। इनमें से 438 नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिनमें 215 नमूने फेल पाए गए। इन पर विधिक कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप एडीएम कोर्ट ने 101 मामलों में 2.78 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया। साथ ही, पांच पंजीकरण और एक लाइसेंस रद्द किया गया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






