ग्रेटर नोएडा में बिल्डर की मनमानी, नोटिस जारी होने के बाद भी नहीं कर रहा 225 फ्लैटों की रजिस्ट्री

top-news
मेधा रुपम ने 18 सितंबर को 15 दिनों के अंदर कैंप लगाकर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए थे

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित कासा ग्रीन्स सोसायटी में रह रहे लोगों की टेंशन बढ़ गई है। रजिस्ट्री के लिए नोटिस की समय सीमा बीतने के बाद भी बिल्डर ने कोई पहल अभी तक नहीं की है। रहिवासियों ने बताया कि जिलाधिकारी मेधा रुपम ने 18 सितंबर को 15 दिनों के अंदर कैंप लगाकर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी फ्लैटों की रजिस्ट्री नहीं हो रही है।


जिलाधिकारी कार्यालय से बिल्डर को नोटिस जारी

सोसाइटी निवासियों का कहना है कि एओए ने डीएम से कई बार रजिस्ट्री करवाने की गुहार लगाई गई थी। जिलाधिकारी कार्यालय से बिल्डर को नोटिस जारी कर सभी की रजिस्ट्री करवाने के लिए कहा गया था। इसके बाद भी वह निवासियों को परेशान कर रहा है। एओए सचिव महेश यादव ने बताया कि डीएम कार्यालय के नोटिस के बावजूद बिल्डर खरीदार से मिलने को तैयार नहीं है। बिल्डर पर अभी प्राधिकरण का 1.5 करोड़ बकाया है, जिससे 80 फ्लैट की अनुमति भी नहीं मिली है। एओए और खरीदार अब प्राधिकरण के सीईओ से मिलकर अपनी बात रखेंगे।


प्राधिकरण लगा रहा प्रतिदिन 100 रुपये विलंब शुल्क

महेश ने बताया कि तीन सितंबर से रजिस्ट्री कराने पर प्राधिकरण खरीदार पर 100 प्रति दिन विलंब शुल्क लगाना शुरू कर दिया है। इसके बावजूद बिल्डर लंबे समय से सोसायटी के 225 खरीदारों की रजिस्ट्री नहीं करा रहा। खरीदार आठ-नौ साल से रजिस्ट्री का इंतजार कर रहे हैं। सभी टावर्स के ओसी और 143 फ्लैट्स की रजिस्ट्री की परमिशन भी मिल चुकी है। महेश ने बताया कि बिल्डर के रवैये की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल के साथ साथ मुख्य सचिव, ग्रेनो प्राधिकरण के चेयरमैन, सीईओ, डीएम ,पुलिस कमिश्नर को से भी शिकायत की गई है। यदि जल्द रजिस्ट्री शुरू नहीं हुई तो निवासी सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *