नोएडा में स्वदेशी सामान खरीदने का सुनहरा मौका, 10 दिनों के लिए सरकार ने लगाया मेला
- Shiv Kumar
- 13 Oct, 2025
Noida: स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नोएडा हाट, सेक्टर-33ए में 10 दिवसीय “यूपी ट्रेड शो–स्वदेशी मेला 2025” का आयोजन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार की ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की भावना को साकार करने वाले इस मेले में प्रदेशभर से आए शिल्पी, कारीगर और लघु उद्यमी अपने उत्पादों की विविधता प्रदर्शित कर रहे हैं।
भारतीय परंपरा और कौशल की जीवंत प्रदर्शनी
मेले में हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट, जूट उत्पाद, मिट्टी व धातु शिल्प, बांस उत्पाद, जैविक खाद्य सामग्री और घरेलू वस्तुओं की विविध रेंज उपलब्ध है। यहां किफायती से लेकर प्रीमियम उत्पाद तक हर वर्ग के उपभोक्ताओं के लिए विकल्प हैं। खुर्जा से आए जीशान के चीनी मिट्टी के बर्तन लोगों के बीच खास आकर्षण बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि उनके स्टॉल पर 50 से 5500 रुपये तक के प्रोडक्ट उपलब्ध हैं। अमोला देवी, जो मूल रूप से बिहार के मोतिहारी की हैं और नोएडा सेक्टर-25 में रहती हैं, ने हाथ से बनी कैंडल्स का स्टॉल लगाया है। उनकी ‘चाय बिस्कुट कैंडल’ लोगों में काफी लोकप्रिय हो रही है। बिजनौर की बबली देवी ने घर में बने अचार, पापड़, मूंग दाल बड़ी और आंवला कैंडी प्रदर्शित की है। उन्होंने बताया कि लहसुन का अचार सबसे ज्यादा बिक रहा है और ऐसे मेलों से उनके उत्पादों को नई पहचान मिल रही है।
स्वदेशी आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम
यू.पी. ट्रेड शो–स्वदेशी मेला 2025” केवल खरीदारी का अवसर नहीं, बल्कि यह स्थानीय हस्तशिल्पियों, उद्यमियों और शिल्प परंपरा को आगे बढ़ाने का मंच बन गया है। मेले में उमड़ती भीड़ इस बात का प्रमाण है कि देशवासी अब स्वदेशी उत्पादों को दिल से अपना रहे हैं, और ‘वोकल फॉर लोकल’ का नारा अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है।
आयुष विभाग का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र
मेले का सबसे बड़ा आकर्षण उत्तर प्रदेश आयुष विभाग का जानकारीपूर्ण और जागरूकता से भरपूर स्टॉल बना हुआ है। विभाग ने यहां आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी जैसी चिकित्सा पद्धतियों के लाभों को प्रदर्शित किया है। बैनरों और पोस्टरों के माध्यम से बताया गया है कि ये पद्धतियां न केवल रोगों का उपचार करती हैं, बल्कि शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर दीर्घकालिक स्वास्थ्य प्रदान करती हैं।
मिलेट्स के लाभों से किया जा रहा है जागरूक
एक अन्य पोस्टर में ‘मिलेट्स’ (मोटे अनाज) जैसे कोदो, बाजरा, रागी, ज्वार और कंगनी के स्वास्थ्य लाभ बताए गए हैं। विभाग के अनुसार, मिलेट्स में कैल्शियम, आयरन, जिंक, फॉस्फोरस और मैग्नीशियम भरपूर मात्रा में होते हैं, जो मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा और हृदय रोगों की रोकथाम में मदद करते हैं। यह जानकारी लोगों को स्वास्थ्यप्रद खानपान अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।
राष्ट्रीय आयुष मिशन की योजनाएं भी प्रदर्शित
तीसरे स्टैंड पोस्टर में राष्ट्रीय आयुष मिशन की योजनाओं की जानकारी दी गई है। जिसमें आयुष ग्राम की स्थापना, योग वेलनेस सेंटर, 50 शैय्या आयुष अस्पताल, औषधीय पौधों के अनुसंधान कार्य और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन जैसी पहलें शामिल हैं। स्टॉल पर मौजूद चिकित्सक आगंतुकों को मुफ्त परामर्श भी दे रहे हैं। उनका कहना है कि नोएडा और आसपास 12 आयुष अस्पताल संचालित हो रहे हैं, जहां मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






