नोएडा के प्रमेंद्र भाटी पर सपा ने खेला दांव, बनाया MLC प्रत्याशी, जानिए कौन हैं?

top-news
भाटी पहले भी बार एसोसिएशन के चुनावों में दो बार अध्यक्ष चुने जा चुके हैं

Noida: समाजवादी पार्टी ने विधान परिषद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र मेरठ–सहारनपुर खंड सीट से गौतमबुद्धनगर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमेंद्र भाटी एडवोकेट को प्रत्याशी घोषित किया है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सक्रिय रहने वाले भाटी की उम्मीदवारी को लेकर पार्टी ने बड़ा राजनीतिक दांव चला है।

उम्मीदवार बनाए जाने के बाद प्रमेंद्र भाटी ने कहा कि सपा ने उन पर भरोसा जताकर अधिवक्ता समाज का सम्मान बढ़ाया है। अधिवक्ता समाज हमेशा सम्मान देने वालों का कई गुना अधिक सम्मान लौटाता है। पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश का अधिवक्ता समाज एकजुट होकर यह चुनाव लड़ेगा और सपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करेगा। पूरे प्रदेश में इस समय पीडीए (पिछड़े–दलित–अल्पसंख्यक) की लहर चल रही है और अधिवक्ता समाज इस अभियान को और मजबूत करेगा।


समाजवादी पार्टी का रणनीतिक दांव

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सपा ने प्रमेंद्र भाटी को टिकट देकर एक रणनीतिक कदम उठाया है। प्रमेंद्र भाटी न सिर्फ अधिवक्ता समाज में लोकप्रिय हैं, बल्कि गुर्जर समाज के प्रभावशाली चेहरे भी माने जाते हैं। पार्टी का यह फैसला पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गुर्जर समाज और अधिवक्ताओं को सपा के साथ जोड़ने की दिशा में अहम माना जा रहा है। भाटी पहले भी बार एसोसिएशन के चुनावों में दो बार अध्यक्ष चुने जा चुके हैं और बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य पद के चुनाव में भी शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं।


पीडीए को नई मजबूती की उम्मीद

मेरठ–सहारनपुर स्नातक खंड में आने वाले नौ जिलों में गुर्जर समाज की मजबूत उपस्थिति है। इन्हीं जिलों में अधिवक्ताओं की भी बड़ी संख्या है, जिनसे प्रमेंद्र भाटी का सीधा संपर्क है। यही वजह है कि राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि सपा का यह निर्णय पार्टी को इस क्षेत्र में मजबूत आधार दिला सकता है। प्रमेंद्र भाटी की उम्मीदवारी को सपा की पीडीए रणनीति को बल देने वाला कदम माना जा रहा है। पार्टी इससे न केवल गुर्जर समाज बल्कि अधिवक्ता वर्ग को भी अपने साथ जोड़ना चाहती है। इससे पहले समाजवादी पार्टी मेरठ–सहारनपुर खंड की शिक्षक सीट से हापुड़ के नितिन तोमर को प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। अब स्नातक सीट पर प्रमेंद्र भाटी की घोषणा के साथ सपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने राजनीतिक समीकरणों को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *