https://nownoida.com/uploads/images/ads/head2.jpg

नोएडा में अवैध पटाखा बिक्री पर पुलिस की सख्ती, लाखों के पटाखे जब्त

top-news
https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

Noida: दिवाली से पहले अवैध रूप से पटाखा बेचने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न इलाकों से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से लाखों रुपये मूल्य के अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या जनहानि से बचा जा सके।

छपरौला के पास से भारी मात्रा में पटाखे बरामद
थाना बादलपुर पुलिस ने गुरुवार सुबह एक गुप्त सूचना के आधार पर विष्णु शर्मा नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी छपरौला क्षेत्र में पटाखों की अवैध बिक्री कर रहा था। पुलिस के अनुसार, बरामद पटाखों की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।

गेझा गांव में विस्फोटक सामग्री का भंडारण
थाना फेस-2 के प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि उपनिरीक्षक उमेश कुमार सैनी ने बुधवार रात गेझा गांव के पास से वसीम उर्फ शिबू को गिरफ्तार किया। आरोपी ने गेझा मार्केट की घनी बस्ती में दुकान के अंदर अवैध पटाखों का भंडारण कर रखा था। वहां से लाखों रुपये मूल्य के विस्फोटक पदार्थ बरामद किए गए हैं। अधिकारी ने कहा कि यह विस्फोटक सामग्री घनी आबादी में गंभीर खतरा पैदा कर रही थी। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।

बिना लाइसेंस पटाखा बिक्री करने वाला पकड़ा गया
उसी अभियान में उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार यादव ने शहनवाज उर्फ समीर को गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी सेक्टर-82 कट के पास से हुई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने प्लास्टिक के कट्टों और कार्टनों में अवैध पटाखे अपनी दुकान में छिपाकर रखे थे। उसके पास बिक्री के लिए कोई वैध लाइसेंस नहीं था। बरामद पटाखों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

सूचना पर नदीम गिरफ्तार
थाना दादरी प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि बीती रात सूचना के आधार पर नदीम नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भी लाखों रुपये मूल्य के अवैध पटाखे बरामद हुए हैं। आरोपी पर विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। थाना सेक्टर-39 प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक अंकुर चौधरी ने बुधवार देर रात कार्रवाई करते हुए कुलदीप पुत्र अतर को गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी सेक्टर-37 वेंडर जोन के पास से हुई, जहाँ से 100 किलोग्राम से अधिक विस्फोटक पदार्थ (पटाखे) जब्त किए गए। आरोपी बिना लाइसेंस के पटाखों की बिक्री कर रहा था।

पुलिस का सख्त संदेश
नोएडा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस पटाखा बेचने या भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। त्योहारों के दौरान शहर में सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए हर थाने को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। घनी आबादी में विस्फोटक सामग्री का भंडारण बेहद खतरनाक है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *