ग्रेटर नोएडा में नाली विवाद में चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने किया सड़क जाम

top-news
एक युवक गंभीर रूप से घायल

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में दीपावली को यानी सोमवार की सुबह नाली के विवाद को लेकर हुए झगड़े ने खूनी रूप ले लिया। कहासुनी के बाद हुए विवाद में एक पक्ष ने फायरिंग कर दी, जिसमें चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

झगड़े के बाद चली गोलियां
पुलिस के अनुसार,जारचा थाना क्षेत्र के सेंथली गांव में नाली को लेकर दो पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह फिर बहस बढ़ी और देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इसी दौरान एक पक्ष ने गुस्से में फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से अजय पाल और उनका भतीजा दीपांशु भाटी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी थार और स्विफ्ट कार से मौके से फरार हो गए। वहीं, घायल तीसरे युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है, उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

परिजनों ने चौकी के सामने किया हंगामा
दोनों की मौत की खबर मिलते ही गुस्साए परिजनों ने सेंथली चौकी के सामने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

एक दिन पहले भी हुआ था विवाद
मृतक अजय पाल सीआईएसएफ से रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर थे। उनका अपने पड़ोसी प्रिंस भाटी से नाली के पानी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह प्रिंस भाटी अपने मामा के यहां से कुछ युवकों को बुलाकर स्विफ्ट और थार कार से गांव पहुंचा। उनके पास लाठी-डंडे और हथियार थे। उन्होंने अजय पाल के घर के बाहर गाली-गलौज शुरू कर दी और बाद में फायरिंग कर दी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
डीसीपी साद मिया खान ने बताया कि फायरिंग की इस वारदात में अजय पाल और उनके भतीजे दीपांशु की मौत हुई है। परिजनों की शिकायत पर प्रिंस भाटी, बॉबी तोमर और मनोज नागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *