छठ महापर्व के लिए ग्रेटर नोएडा तैयार, अर्घ्य देने के लिए इन घाटों पर भरपूर इंतजाम
--ग्रेनो में बने छठ घाटों की मरम्मत, पानी, लाइटिंग व साफ-सफाई का इंतजाम
- Shiv Kumar
- 24 Oct, 2025
Greater Noida: आस्था का महापर्व छठ के व्रती 27 अक्टूबर की शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे और 28 अक्टूबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे। व्रतियों को अर्घ्य देने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण शहर में विभिन्न जगहों पर बने कृत्रिम तालाबों की मरम्मत करा रहा है। उनमें एक दिन पहले पानी भर दिए जाएंगे, ताकि व्रतियों को इन जगहों पर सूर्य को अर्घ्य देने में कोई दिक्कत न हो।
पानी, लाइटिंग व साफ-सफाई का इंतजाम
ग्रेटर नोएडा में बड़ी तादाद में लोग छठ महापर्व को मनाते हैं। इसे देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने छठ महापर्व के व्रतियों को सूर्य का अर्घ्य देने के लिए सभी वर्क सर्किल प्रभारियों को उनके एरिया में बने कृत्रिम तालाबों की मरम्मत कराने, साफ- सफाई, लाइटिंग, पानी आदि के इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। इसके मद्देनजर परियोजना विभाग विभिन्न जगहों पर बने कृत्रिम तालाबों को दुरुस्त करा रहा है।
घाटों को प्राधिकरण दुरुस्त करा रहा
ये छठ घाट ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क वन स्थित आईईसी कॉलेज के पास, हैबतपुर कम्युनिटी सेंटर के पास, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के टेकजोन-4 स्थित चेरी काउंटी सोसाइटी के पास, चेरी काउंटी के पास एक अन्य घाट, टेकजोन-4 में ही तीसरा घाट, सेक्टर-3, सेक्टर पी-3, कुलेसरा, सेक्टर ज्यू -टू आदि जगहों पर स्थित हैं। छठ व्रती इन जगहों से सूर्य को अर्घ्य दे सकते हैं। सभी घाटों के मरम्मत का कार्य पूरा हो गया है। साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करा दी गई है।
आपके गड्ढे और तालाब पर भी व्यवस्था करेगा प्राधिकरण
एसीईओ प्रेरणा सिंह ने भी विद्युत अभियांत्रिकी और जल विभाग को इन स्थानों पर बने तालाबों में पानी और लाइटिंग का इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि छठ व्रतियों के लिए इन तालाबों से अर्घ्य देने के सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। इन स्थानों के अतिरिक्त अगर छठ व्रतियों की तरफ से किसी स्थान पर तालाब या गड्ढे में साफ -सफाई और लाइटिंग का इंतजाम कराना चाहते हैं तो वे प्राधिकरण को सूचित कर सकते हैं। प्राधिकरण की तरफ से उन जगहों पर भी सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। सभी वरिष्ठ प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि छठ पूजा के लिए निर्धारित स्थानों पर जाकर शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराएं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






