DRI की बड़ी कार्रवाई, 108 करोड़ रुपये की ड्रग्स खेप बरामद, 26 विदेशी नागरिक गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 25 Oct, 2025
Greater Noida: राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने दिल्ली-एनसीआर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। तीन दिन तक चले अभियान में टीम ने 108.81 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और रासायनिक सामग्री जब्त की है। इस दौरान 26 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
ग्रेटर नोएडा के फार्म हाउस से मिली बड़ी खेप
DRI की टीम ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर ग्रेटर नोएडा के एक फार्म हाउस पर छापा मारा, जहां से 11.40 किलोग्राम एम्फेटामाइन और 110.923 किलोग्राम रासायनिक पदार्थ बरामद किए गए। ये रसायन एम्फेटामाइन और मेथामफेटामाइन जैसी सिंथेटिक ड्रग्स बनाने में उपयोग किए जा रहे थे।
जांच में पता चला कि इस गुप्त ठिकाने पर लंबे समय से नशे का निर्माण कार्य चल रहा था। मौके से बरामद सबूतों के आधार पर DRI ने गुरुग्राम से गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया। उसके घर से 1.33 किलोग्राम एम्फेटामाइन और कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी मिले।
दिल्ली में दूसरे ठिकाने पर भी छापा
मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के बाद DRI ने पश्चिमी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाके में एक अन्य ठिकाने पर छापा मारा। यहां से टीम ने 7.79 किलोग्राम कोकीन, 1.87 किलोग्राम हेरोइन, 3.54 किलोग्राम एम्फेटामाइन, 2 किलोग्राम गांजा, 0.15 किलोग्राम मेथाक्वालोन और 4.50 किलोग्राम रासायनिक पदार्थ बरामद किए। इसके अलावा परिसर से 37 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए, जो ड्रग तस्करी से अर्जित होने की आशंका है। टीम को इस दौरान स्थानीय असामाजिक तत्वों के विरोध का सामना भी करना पड़ा, लेकिन DRI और दिल्ली पुलिस ने रणनीतिक तरीके से इलाके को घेरकर तलाशी अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़
तीन दिनों तक चले इस अभियान में कुल 16.27 किलोग्राम एम्फेटामाइन, 7.9 किलोग्राम कोकीन, 1.8 किलोग्राम हेरोइन, 2.13 किलोग्राम गांजा और 115.42 किलोग्राम रासायनिक पदार्थ बरामद किए गए। इनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 108.81 करोड़ रुपये है। अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार विदेशी नागरिकों में ज्यादातर अफ्रीकी मूल के हैं। ये लोग भारत में किराए के घरों और फार्म हाउसों में ड्रग निर्माण, पैकिंग और सप्लाई का काम करते थे। नेटवर्क के अन्य सदस्य विदेशों में तस्करी और वितरण की जिम्मेदारी संभालते थे। DRI अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चलाया गया। स्थानीय स्तर पर कई बाधाओं के बावजूद एजेंसी ने संयम और सटीक रणनीति से ऑपरेशन को अंजाम दिया। अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि उनके अंतरराष्ट्रीय संपर्क, सप्लाई चैनल और धन के स्रोतों का खुलासा किया जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






