सपा नेता राहुल अवाना ने दिया ऐसा बयान कि मचा बवाल, पुलिसकर्मी ने बीच में रोककर लगाई फटकार
- Shiv Kumar
- 25 Oct, 2025
Greater Noida: रबूपुरा में जन्मदिन पार्टी में दोस्तों के हमले से युवक की मौत के मामले में राजनीति भी शुरू हो गई है। पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) नेता राहुल अवाना के एक बयान ने विवाद खड़ा कर दिया। आक्रोशित भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो हम अपना खून का कतरा भी बहा देंगे। इस बयान पर वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी ने तुरंत उन्हें टोकते हुए कहा कि यह बात माहौल बिगाड़ सकती है।
पुलिसकर्मी ने बीच में रोककर दी नसीहत
राहुल अवाना के बयान पर पुलिसकर्मी ने तुरंत हस्तक्षेप किया और कहा, “आप नेता हैं, इस तरह की बात नहीं कह सकते। यहां सबकुछ शांतिपूर्ण चल रहा है, आप गलत दिशा में बात ले जा रहे हैं। पुलिस की टिप्पणी सुनकर अवाना के समर्थक नाराज हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिसकर्मी ने आगे कहा, “बताइए, खून का कतरा बहाने का मतलब क्या है? थोड़ी देर तक दोनों पक्षों के बीच बहस चली, लेकिन बाद में मामला शांत कराया गया।
समर्थकों ने मांगी माफी
बाद में सपा नेताओं के अन्य साथियों ने राहुल अवाना के बयान पर माफी मांगते हुए कहा कि उनका मकसद माहौल खराब करना नहीं था, बल्कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात करनी थी। पुलिस की समझदारी से स्थिति नियंत्रण में आ गई और भीड़ तितर-बितर हो गई।
रबूपुरा में युवक की मौत से मचा हंगामा
गौरतलब है कि रबूपुरा थाना क्षेत्र के आंबेडकर नगर में हुई मारपीट की घटना में घायल युवक अनिकेत की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार सुबह लोगों ने महाराणा प्रताप चौक पर जाम लगा दिया था। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में पांच टीमें गठित की गई हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






