सूरजपुर वेटलैंड बनेगा नया ईको-टूरिज्म मॉडल, डीएम मेधा रूपम ने किया निरीक्षण, विकसित करने के दिए निर्देश

top-news
दुर्लभ पक्षियों की तस्वीरें भी कैद कीं

Greater Noida: गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने शुक्रवार को जिले की पर्यावरणीय धरोहर सूरजपुर वेटलैंड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सर्दियों में यहां आने वाले प्रवासी पक्षियों का अवलोकन किया और वेटलैंड की जैव विविधता (बायोडायवर्सिटी) के संरक्षण के लिए चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।  उन्होंने गोल्फ कार्ट से वेटलैंड का भ्रमण किया और दुर्लभ पक्षियों की तस्वीरें भी कैद कीं।


लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सूरजपुर वेटलैंड जिले की एक अमूल्य प्राकृतिक संपदा है, इसलिए इसके संरक्षण, स्वच्छता और सौंदर्यकरण के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि यह वेटलैंड न केवल पक्षियों और वन्यजीवों का सुरक्षित आवास स्थल है, बल्कि यह पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए इसके रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


डीएम मेधा रूपम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वेटलैंड में आने वाले पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि यहां जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से जोड़ा जाए, ताकि समाज की भागीदारी से वेटलैंड का संरक्षण और सशक्त हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य सूरजपुर वेटलैंड को पारिस्थितिकी पर्यटन (इको-टूरिज्म) के एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करना है, जिससे गौतमबुद्ध नगर की पहचान एक हरित पर्यटन स्थल के रूप में देशभर में स्थापित हो सके।


निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) रजनीकांत मित्तल सहित वन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को वेटलैंड के रखरखाव, प्रवासी पक्षियों के संरक्षण और सौंदर्यकरण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने भविष्य की कार्ययोजना भी प्रस्तुत की, जिसमें वेटलैंड क्षेत्र में नए वृक्षारोपण, पक्षी अवलोकन टावरों के निर्माण और अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को और मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *