बीजेपी नेता ने भाइयों के साथ परिवार पर किया हमला, पुलिस के सामने घर में घुसकर की मारपीट
- Shiv Kumar
- 27 Oct, 2025
Greater Noida: थाना सूरजपुर क्षेत्र के लखनावली गांव में शनिवार रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। बीजेपी नेता प्रिंस पंडित और उनके साथियों पर घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन फिर भी बीजेपी नेता कैमरे में दूसरे पक्ष को धमकाते हुए नजर आए। पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
पुरानी रंजिश बनी विवाद की जड़
पुलिस जांच में सामने आया है कि गांव के निवासी ललित शर्मा और प्रिंस पंडित (उर्फ़ प्रिंस शर्मा) के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। बताया जा रहा है कि प्रिंस राजनीति में कदम रख रहे थे और दो साल पहले उन्होंने एक आंदोलन के दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की थी। उस समय की वीडियो ललित शर्मा के पास थी, जिसे उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। वीडियो वायरल होने के बाद प्रिंस को जेल जाना पड़ा था। इस बात से वह ललित से नाराज थे। हाल ही में जब ललित ने वह वीडियो दोबारा सोशल मीडिया पर प्रसारित की, तो प्रिंस भड़क उठे। इसी बात को लेकर शनिवार रात उन्होंने अपने भाइयों पंकज शर्मा, आकाश शर्मा और मनीष शर्मा के साथ मिलकर ललित के घर में घुसकर हमला कर दिया।
पत्नी और बच्चों पर भी किया हमला
पीड़ित पक्ष के अनुसार, जब ललित की पत्नी और बच्चे बीच-बचाव के लिए आगे आए, तो आरोपितों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और लाठी-डंडों से पीटा। इसके बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना घर के CCTV कैमरे में साफ तौर पर कैद हो गई, जिसमें बीजेपी नेता और उनके साथी लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते प्रिंस शर्मा, पंकज शर्मा, आकाश शर्मा और मनीष शर्मा को हिरासत में ले लिया है।
चारों आरोपी गिरफ्तार
सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। फिलहाल चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। प्रिंस शर्मा के खिलाफ सूरजपुर और ईकोटेक-3 थाने में पहले से ही तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






