ठेले पर अंडे लेने को लेकर हुआ विवाद, एक युवक ने दूसरे को चाकू से हमला कर उतारा मौत के घाट
- Shiv Kumar
- 27 Oct, 2025
Noida: नोएडा के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सलारपुर गांव में रविवार रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। अंडे के ठेले पर हुई कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने साथी पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
मामूली विवाद से बढ़ा मामला
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजन शाह (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम मोहम्मदपुर, थाना माझी, जनपद छपरा (बिहार) का निवासी था। इन दिनों सलारपुर गांव में किराए के मकान में रह रहा था। इसी इलाके में रहने वाला सुरेश मंडल (38 वर्ष) निवासी मोतिहारी (बिहार) भी सलारपुर में किराए पर रह रहा था। रविवार देर रात करीब 10 बजे दोनों एक अंडे के ठेले पर अंडा खरीदने पहुंचे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो कुछ ही मिनटों में मारपीट में बदल गई।
आरोपी ने गुस्से में मारा चाकू
स्थानीय लोगों के अनुसार, झगड़े के दौरान सुरेश ने अचानक जेब से चाकू निकाला और राजन शाह पर हमला कर दिया। चाकू लगने से राजन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका भाई मौके पर पहुंचा और घायल राजन को नजदीकी अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-39 थाना पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी सुरेश को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध चाकू बरामद कर लिया गया है। एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षेत्र में फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। स्थानीय निवासियों ने कहा कि इलाके में अक्सर छोटे-मोटे विवाद ठेले या दुकानों पर झगड़े का रूप ले लेते हैं, जिस पर पुलिस को और सख्त निगरानी रखनी चाहिए।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






