नोएडा एयरपोर्ट बनेगा डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर का नया मानक, रियल-टाइम सूचना और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी

top-news
कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई मिलेगी और तकनीकी उत्कृष्टता, सुरक्षा व दक्षता के क्षेत्र में भारत की पहचान और मजबूत होगी।

Greater Noida:  जेवर में बनकर तैयार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश में डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर का नया आयाम स्थापित करने जा रहा है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप विकसित यह एयरपोर्ट दिसंबर तक संचालन के लिए तैयार होने की संभावना है। उच्च अधिकारियों के अनुसार, यह देश का सबसे आधुनिक और फ्यूचर-रेडी टेक्नोलॉजी सिस्टम से लैस एयरपोर्ट होगा, जो डिजिटल कनेक्टिविटी का प्रमुख केंद्र बनेगा।


ड्यूल फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क से जोड़ा

एयरपोर्ट को ड्यूल फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क से जोड़ा गया है, जिससे डेटा कनेक्टिविटी निर्बाध और सुरक्षित रहेगी। दो स्वतंत्र डेटा सेंटर अलग-अलग स्थानों पर स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे सिस्टम की विश्वसनीयता और दक्षता और बढ़ेगी। पूरा एयरपोर्ट एकीकृत नेटवर्क पर कार्य करेगा, जिससे सभी प्रक्रियाएं तेज और स्मार्ट होंगी। एयरपोर्ट परिसर में अत्याधुनिक वीडियो सर्विलांस सिस्टम भी लगाया गया है, जो सुरक्षा मानकों को नया स्तर देगा। यह परियोजना प्रदेश को डिजिटल एविएशन नेटवर्क का हब बनाएगी। इससे राज्य की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई मिलेगी और तकनीकी उत्कृष्टता, सुरक्षा व दक्षता के क्षेत्र में भारत की पहचान और मजबूत होगी।


तीन डिजिटल कंट्रोल हब स्थापित 

अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट में तीन प्रमुख डिजिटल कंट्रोल हब स्थापित किए गए हैं। एयरपोर्ट ऑपरेशंस सेंटर (AOC), जो पूरे एयरपोर्ट का संचालन और निगरानी करेगा। सिक्योरिटी ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर (SOCC),  जो सुरक्षा व्यवस्था पर निरंतर नजर रखेगा। एयरपोर्ट इमरजेंसी ऑपरेशंस सेंटर (AEOC), जो किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। डिजिटल डिजाइन के स्तर पर एयरपोर्ट को इस तरह विकसित किया गया है कि वायरलेस नेटवर्क कवरेज पूरे परिसर, रनवे और रिमोट स्टैंड्स तक रहेगा। इसे पूरी तरह टेक्नोलॉजी-ड्रिवन इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में तैयार किया जा रहा है, जिसमें भविष्य की एआई आधारित सुरक्षा और स्वचालित संचालन प्रणाली भी शामिल होगी। यात्रियों और कर्मचारियों के लिए स्मार्ट डिजिटल एक्सेस और रियल-टाइम सूचना प्रणाली जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *