यमुना प्राधिकरण यहां बसाएगा हेरिटेज सिटी, 950 करोड़ की परियोजना को मिलेगी नई रफ्तार

top-news
राया अर्बन सेंटर में हेरिटेज सिटी का विकास हाइब्रिड मॉडल पर होगा

Greater Noida: यमुना प्राधिकरण (YEIDA) फेज-2 के तहत मथुरा जिले में स्थित राया अर्बन सेंटर को हेरिटेज सिटी के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रहा है। यह परियोजना हाइब्रिड मॉडल पर विकसित की जाएगी, जिसमें धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का विकास पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के माध्यम से होगा। यमुना प्राधिकरण की आगामी 7 नवंबर को होने वाली बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को विचार के लिए रखा जाएगा। बोर्ड की स्वीकृति के बाद विकासकर्ता चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके साथ ही आवासीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्राधिकरण भूखंड योजना जारी कर आवंटन करेगा।


753 एकड़ में फैली परियोजना

हेरिटेज सिटी परियोजना 753 एकड़ में फैली है और इस पर करीब 950 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। परियोजना की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) सीबीआरई साउथ एशिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार की गई है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि, “हेरिटेज सिटी को हाइब्रिड मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इसका कुछ हिस्सा प्राधिकरण स्वयं विकसित करेगा, जबकि धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों का विकास PPP मॉडल पर होगा।”


भूमि अधिग्रहण और निवेश की तैयारी

परियोजना के लिए करीब 700 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण पर खर्च किए जाएंगे। इस धनराशि की पूर्ति के लिए प्राधिकरण आवासीय और अन्य श्रेणियों में भूखंडों की बिक्री करेगा। मथुरा क्षेत्र में आवासीय भूखंडों की बढ़ती मांग को देखते हुए YEIDA को भूमि अधिग्रहण में वित्तीय सहायता मिलना आसान रहेगा। हेरिटेज सिटी के लिए जिन गांवों की भूमि अधिगृहीत की जाएगी उनमें अरुआ खादर, भीम खादर, डांगोली खादर, पानी गांव खादर, पिपरोली खादर, जहांगीरपुर, बेगमापुर खादर और जहांगीरपुर खादर शामिल हैं।


एनएचएआई के मार्ग के साथ विकसित होगी सिटी

हेरिटेज सिटी का विकास भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा बनाए जा रहे मार्ग के दोनों ओर किया जाएगा। यह मार्ग एनएच-44 को यमुना एक्सप्रेसवे के 101वें किलोमीटर पर जोड़ने के लिए 15.3 किमी लंबाई में प्रस्तावित है। हालांकि, NHAI द्वारा मार्ग में कुछ आंशिक बदलाव किए गए हैं, जिसके कारण हेरिटेज सिटी के स्वरूप में भी आंशिक परिवर्तन संभव है। इसी कारण YEIDA ने सीबीआरई को पुनः सर्वे का निर्देश दिया था।


बांके बिहारी मंदिर तक नया संपर्क मार्ग

परियोजना के अंतर्गत यमुना नदी पर निर्माणाधीन सस्पेंशन ब्रिज से हेरिटेज सिटी को जोड़ने के लिए नई सड़क बनाई जाएगी। इसके माध्यम से बांके बिहारी मंदिर तक पहुंचने के लिए एक वैकल्पिक और सुगम मार्ग तैयार होगा, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। परियोजना के तहत प्राधिकरण द्वारा धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल को बढ़ावा देने के लिए कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। जिनमें कथा वाचनालय, हाट और प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, विश्राम गृह, आध्यात्मिक केंद्र, प्यूजियम होटल एवं अतिथि गृह बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *