नोएडा में किसानों का धरना आज, कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट, जानिए कौन-से रास्ते रहेंगे बंद और किनसे निकलें?
सेक्टर-15 गोलचक्कर से सेक्टर-6 चौकी और संदीप पेपर मिल से हरौला चौक तक आवागमन प्रभावित रहेगा
- Shiv Kumar
- 29 Oct, 2025
Noida: नोएडा सेक्टर-6 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर बुधवार को किसानों का बड़ा धरना प्रदर्शन प्रस्तावित है। अपनी मांगों को लेकर किसान यहां एकत्र होंगे। धरने के दौरान सेक्टर-15 गोलचक्कर से सेक्टर-6 चौकी और संदीप पेपर मिल से हरौला चौक तक का मार्ग वाहनों के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेगा। ऐसे में पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई रूट डायवर्ट किए हैं। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्ट रूट का ही उपयोग करें, ताकि जाम की स्थिति न बने।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
सेक्टर-15 गोलचक्कर से झुंडपुरा की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर-15 गोलचक्कर से संदीप पेपर मिल चौक होते हुए झुंडपुरा की ओर जाने वाले वाहन अब रजनीगंधा चौक होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
सेक्टर-15 गोलचक्कर से सेक्टर-18, 27, 37 की ओर जाने वाले वाहन रजनीगंधा मार्ग से होकर ही जाएंगे।
डीएनडी और एक्सप्रेसवे से आने-जाने वालों के लिए बदलाव
ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे या एमपी-1 मार्ग से डीएनडी जाने वाले वाहन यदि डीएनडी पर जाम की स्थिति बनती है, तो ये वाहन चिल्ला लालबत्ती मार्ग से आगे बढ़ेंगे।
महामाया फ्लाईओवर से डीएनडी या चिल्ला की ओर जाने वाला ट्रैफिक यदि डीएनडी और चिल्ला दोनों मार्गों पर जाम की स्थिति हो, तो वाहन कालिंदी कुंज मार्ग से दिल्ली जा सकेंगे।
महामाया से डीएनडी/चिल्ला मार्ग जाम होने पर वाहन चरखा गोलचक्कर से सेक्टर-94 अंडरपास, फिर महामाया फ्लाईओवर, सेक्टर-37, 18, 16, 15 होते हुए अशोक नगर के रास्ते निकलेंगे।
महामाया फ्लाईओवर से दिल्ली जाने वाला यातायात जाम की स्थिति में वाहन सेक्टर-18 या एलिवेटेड रोड से अशोक नगर की दिशा में जा सकते हैं।
वैकल्पिक मार्गों से ऐसे निकलें जाम से बचकर
झुंडपुरा चौक से सेक्टर-15 गोलचक्कर की दिशा में जाने वाले वाहन झुंडपुरा चौक से सेक्टर-8, 10, 12 चौक होते हुए अपने गंतव्य को जा सकते हैं।
संदीप पेपर मिल चौक से हरौला की ओर जाने वाले वाहन रोहन मोटर्स तिराहा और सेक्टर-1 से अशोक नगर मार्ग का उपयोग करें।
हरौला चौक से संदीप पेपर मिल चौक की दिशा में आने वाले वाहन सेक्टर-16 मार्केट कट से होकर जा सकते हैं।
ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन यदि चिल्ला लालबत्ती मार्ग पर जाम की स्थिति बने, तो वाहन डीएनडी फ्लाईवे से होकर निकलेंगे।
ट्रैफिक पुलिस की अपील
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि जनहित और सुरक्षा को देखते हुए रूट डायवर्जन किया गया है। लोगों से अनुरोध है कि वे बुधवार को यात्रा के दौरान रूट की जानकारी पहले से प्राप्त कर लें, अतिरिक्त समय लेकर निकलें और जहां तक संभव हो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट या वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






