Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बसी सोसाइटियों में रहने वाले लोगों को आए दिन किसी न किसी परेशानी से जूझना पड़ता है। अब एग्जोटिका ड्रीमविले सोसाइटी के निवासी इन दिनों गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से पानी की नियमित सप्लाई नहीं हो रही है, जिसके कारण उन्हें टैंकरों के सहारे गुजारा करना पड़ रहा है।
बहुत कम समय आता है पानी
निवासियों का आरोप है कि प्राधिकरण की लापरवाही के चलते स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। सोसाइटी में पानी की सप्लाई बेहद कम समय के लिए होती है और उसका प्रेशर इतना कमजोर रहता है कि ऊपरी मंजिलों तक पानी पहुंच ही नहीं पाता। कई बार पूरे दिन नलों में पानी नहीं आता, जिससे खाना बनाना, सफाई और अन्य दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
कई बार शिकायत फिर भी नहीं सुनवाई
लोगों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या की शिकायत कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से की, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। इतना ही नहीं, प्राधिकरण की ओर से पानी के टैंकर भी नहीं भेजे जा रहे हैं, जिससे निवासियों को निजी टैंकरों से महंगे दामों पर पानी खरीदना पड़ रहा हैसोसाइटी के निवासियों ने बताया कि यहां करीब छह हजार से अधिक लोग रहते हैं और सभी को रोजाना पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है। कुछ समय पहले भी इसी तरह की समस्या उत्पन्न हुई थी, लेकिन अधिकारियों ने उस समय भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया। निवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे सामूहिक रूप से प्राधिकरण के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।






