नोएडा जिला अस्पताल के बेसमेंट में मिला शव, कौन था और कैसे हुई मौत?
पुलिस शव की शिनाख्त करने का कर रही प्रयास
- Shiv Kumar
- 30 Oct, 2025
Noida: नोएडा सेक्टर-39 में स्थित जिला अस्पताल के बेसमेंट में बुधवार दोपहर एक व्यक्ति संदिग्ध हालात में मृत पाया गया। अस्पताल के गार्ड ने उसे बेसमेंट में बेहोश पड़ा देखा और तत्काल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। फिलहाल सेक्टर-39 थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी पहचान की कोशिशें तेज कर दी हैं।
निरीक्षण के दौरान मिला बेहोश व्यक्ति
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में तैनात गार्ड विनोद दोपहर करीब एक बजे अपने साथी के साथ बेसमेंट क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे थे। गेट नंबर-5 के पास निकास द्वार के निकट उन्हें एक व्यक्ति चादर पर लेटा मिला। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पास जाकर देखने पर वह बेहोश अवस्था में था। गार्ड ने तुरंत सीएमएस, अन्य अधिकारियों और अस्पताल स्टाफ को सूचना दी। व्यक्ति को तुरंत इमरजेंसी वार्ड ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वर्दी से गार्ड होने का अनुमान
पुलिस के अनुसार, मृतक के पास न तो कोई मोबाइल फोन मिला और न ही पहचान पत्र। उसने हरे रंग की वर्दी जैसी शर्ट पहन रखी थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी फैक्ट्री या संस्थान में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत रहा होगा। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि वह किसी दवा के लिए अस्पताल आया होगा।
शव पर चोट के निशान नहीं
पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी तरह के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि वह कमजोर और दुबला नजर आ रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की है। पहचान के लिए अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही उसकी वर्दी के आधार पर सिक्योरिटी एजेंसियों से संपर्क किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






