ग्रेटर नोएडा में बवाल, सोसाइटी के पास कार सवार पर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

top-news
तीन दिन पहले हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Greater Noida:  ग्रेटर नोएडा बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र स्थित पूर्वांचल रॉयल सोसाइटी के समीप कार सवार व्यक्ति से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस घटना में शामिल दो आरोपितों को जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कासना गांव निवासी तारीफ और चुहड़पुर गांव निवासी बिरजू के रूप में हुई है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। तीन दिन पहले हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

कुआं पूजन में हुए विवाद से उपजा था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि दो दिन पहले चुहड़पुर गांव में कुआं पूजन का कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इसमें दनकौर कोतवाली क्षेत्र के अट्टा गांव निवासी सतीश भी शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान शराब पार्टी में सतीश का चुहड़पुर निवासी ओमप्रकाश से विवाद हो गया। झगड़े के दौरान सतीश ने ओमप्रकाश को थप्पड़ मार दिया।

बदला लेने की ठानी, बीच सड़क पर हमला
इस घटना की जानकारी ओमप्रकाश के बेटे विनीत को हुई तो वह मौके पर पहुंच गया और सतीश से झगड़ा करने लगा। हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने दोनों को शांत करा दिया। इसके बाद विनीत ने पिता से बदला लेने की ठान ली। मंगलवार को जब सतीश अपनी कार से ग्रेटर नोएडा की ओर आ रहा था, तो विनीत ने अपने साथियों के साथ पूर्वांचल रॉयल सोसाइटी के पास उसे घेर लिया। आरोपितों ने कार से सतीश को बाहर खींचकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और उसकी कार में तोड़फोड़ की।

वीडियो वायरल होने के बाद सक्रिय हुई पुलिस
सोसायटी के लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पहले विनीत और राजेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब दो और आरोपी तारीफ और बिरजू को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में बाकी फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *