नोएडा में जमीन घोटाला, दस्तावेजों में हेराफेरी कर 14 बीघा जमीन कराई अपने नाम, 30 लोगों के खिलाफ केस

top-news
फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन हड़पने की साजिश

Noida: नोएडा सेक्टर-49 थाना क्षेत्र स्थित सलारपुर गांव में एक बुजुर्ग की जमीन के दस्तावेजों में हेराफेरी कर कई लोगों के नाम पर ट्रांसफर करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने भू-माफियाओं समेत 30 लोगों पर धोखाधड़ी से जमीन बेचने और धमकाने का आरोप लगाया है। अदालत के आदेश पर सेक्टर-49 थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है।

बीमारी के दौरान हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा
गोरखपुर के राजेंद्र नगर निवासी पवन जिंदल दादरी तहसील के सलारपुर गांव में 61 बीघा जमीन के संयुक्त स्वामी हैं, जिनमें से करीब 14 बीघा जमीन उनकी हिस्सेदारी में आती है। शेष जमीन अशोक वाडिया और उनके रिश्तेदारों के नाम दर्ज है। पवन जिंदल को हाल ही में अपनी बीमारी के दौरान पता चला कि उनकी जमीन के दस्तावेजों में हेराफेरी कर फर्जी तरीके से ट्रांसफर कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि अशोक विहार (दिल्ली) निवासी सुरेश कुमार गोयल ने पवन की जगह किसी अन्य व्यक्ति को पेश कर गोरखपुर सब-रजिस्ट्रार कार्यालय से फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार करवा ली थी।

फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन हड़पने की साजिश
आरोप है कि सुरेश गोयल ने दस्तावेजों में पवन की जगह किसी और के अंगूठे का निशान लगवाया और इसके बाद खुद को जमीन का मालिक दिखाते हुए दस्तावेज तैयार कर लिए। इसके बाद बरौला निवासी भू-माफिया जय भगवान ने सुरेश, चंडीगढ़ सेक्टर-बी निवासी डॉ. जगमोहन गोयल, पटियाला निवासी मदन लाल, नरेश कुमार, केवल कृष्ण, राजन मदान, निशांत मदान, सतीश समेत कई लोगों के साथ मिलकर साजिश रचते हुए जमीन अपने रिश्तेदारों के नाम करवा ली। बताया गया कि यह सौदे बाजार भाव से काफी कम दामों पर किए गए थे।

भू-माफियाओं पर धोखाधड़ी का आरोप, जांच शुरू
पीड़ित ने अगस्त में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अब 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों में सुरेश कुमार गोयल, डॉ. जगमोहन गोयल, मदन लाल, नरेश कुमार, केवल कृष्ण, सुभाष चंद्र, बिहारी लाल, रजत मदान, निशांत मदान, सतीश कुमार मदान, सुरेंद्र कुमार मदान, मंजू बंसल, रंजन गुप्ता, सौरभ मित्तल, लक्ष्मी देवी, अनिल वाडिया, संतोष कुमारी, मनुज चौहान, कृष्णा मित्तल, प्रदीप कुमार गुप्ता, जय भगवान चौहान, अनिल बब्बर, राजेश कुमार गुप्ता, सुमन लता, अलका गुप्ता, अशोक वाडिया, मोहम्मद कलीम, मुनेंद्र कुमार चौहान, नरेश उर्फ सलीम और राहुल कसाना शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *