ग्रेटर नोएडा में निवेश की राह तलाशने पहुंचा जापानी प्रतिनिधिमंडल, इंफ्रास्ट्रक्चर की सराहना की

top-news
मिजुहो बैंक जापान का एक प्रमुख वित्तीय सेवा समूह

Greater Noida: जापान के मिजुहो बैंक का चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचा। निवेश की संभावनाओं के मद्देनजर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ और आईआईटीजीएनएल के प्रबंध निदेशक एनजी रवि कुमार, एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस, एसीईओ प्रेरणा सिंह व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।


प्राधिकरण ने दिया प्रजेंटेशन

बैठक में प्राधिकरण की तरफ से प्रस्तुतीकरण दिया गया। जिसमें ग्रेटर नोएडा और इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप के इंफ्रास्ट्रक्चर को जापानी प्रतिनिधिमंडल के समक्ष प्रदर्शित किया गया। प्रस्तुतीकरण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि ग्रेटर नोएडा देश के सबसे योजनाबद्ध औद्योगिक क्षेत्रों में से एक है, जहां सड़क, बिजली, जल आपूर्ति और लॉजिस्टिक सुविधाएं अत्याधुनिक हैं। इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप का 'प्लग एंड प्ले' सिस्टम, वेस्ट प्रोसेसिंग सिस्टम और मजबूत इलेक्ट्रिक इंफ्रास्ट्रक्चर निवेशकों के लिए बड़े आकर्षण का केंद्र बन चुके हैं।


इंफ्रास्ट्रक्चर की सराहना की

जिस पर प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा और इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप के इंफ्रास्ट्रक्चर की सराहना की। प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक ढांचा जापानी निवेशकों के लिए एक बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। प्रतिनिधिमंडल ने इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप के प्लग एंड प्ले सिस्टम, वेस्ट प्रोसेसिंग सिस्टम और बिजली के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी देखकर सराहा और निवेश की इच्छा जताई।


निवेश को साझेदारी बढ़ाने पर सहमति

इस दौरान आईआईटीजीएनएल की पूरी टीम मौजूद रही। बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने औद्योगिक सहयोग और निवेश को लेकर भविष्य में साझेदारी बढ़ाने पर सहमति जताई। प्राधिकरण की टीम ने जापानी प्रतिनिधिमंडल को ग्रेटर नोएडा आने के लिए धन्यवाद दिया और भरोसा दिलाया कि हर संभव सुविधा और सहयोग प्रदान किया जाएगा। बता दें कि मिजुहो बैंक जापान का एक प्रमुख वित्तीय सेवा समूह है, जो मिजुहो फाइनेंशियल ग्रुप का हिस्सा है। यह जापान के सबसे बड़े बैंकों में से एक है और व्यक्तियों, एसएमई, बड़े निगमों और वित्तीय संस्थानों को विभिन्न प्रकार की वित्तीय सेवाएं प्रदान करता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *