एकतरफा प्यार में पागल हुआ एमआर, युवती ने शादी से मना किया तो पिता को उतारा मौत के घाट

top-news
वारदात के 2 दिन बाद आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Greater Noida: थाना बादलपुर पुलिस द्वारा प्रॉपर्टी डीलर हत्या कांड का सफल अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कब्जे से एक अवैध पिस्टल मय 03 जिंदा कारतूस, 02 मोबाइल फोन, 01 मोटरसाइकिल बरामद हुआ है। यह हत्या एकतरफा प्यार में की गई थी।

31 अक्टूबर को की थी हत्या
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट मीडिया सेल ने बताया कि 31 अक्टूबर  को थाना बादलपुर पर डायल-112 के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति के घायल अवस्था में मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर स्थानीय पुलिस द्वारा तत्काल घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान प्रॉपर्टी डीलर महिपाल (45)  निवासी बम्बावड़  के रूप में हुई। घटना के सफल अनावरण के लिए 06 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने लगभग 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया। जिसके आधार पर अभियुक्त की पहचान की गई। इसके बाद रविवार को थाना बादलपुर पुलिस द्वारा लोकल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना की सहायता से हत्यारोपी दीपक गोस्वामी को धूम बाईपास अण्डरपास के पास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 01 अवैध पिस्टल .32 बोर मय मैगजीन, 03 जिंदा कारतूस, 01 मोबाइल फोन वीवो, 01 आईफोन व 01 मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

महिपाल की बेटी से शादी करना चाहता था आरोपी
दीपक गोस्वामी बी-फार्मा तृतीय वर्ष का छात्र है और 2022 से एक कंपनी में एम.आर. (मेडिकल रिप्रज़ेंटेटिव) के रूप में कार्यरत है। दीपक महिपाल की बेटी से विवाह करना चाहता था। लेकिन उनकी बेटी ने विवाह करने से स्पष्ट रूप से मना कर दिया था। कुछ माह पूर्व मृतक दीपक द्वारा अपनी बेटी का विवाह अन्य स्थान पर तय कर दिया गया था, जिसकी तिथि आगामी माह में निर्धारित थी। इसी कारण दीपक अत्यधिक क्रोधित और आक्रोशित हो गया। जब विभिन्न प्रयासों के बावजूद भी वह मृतक की बेटी से विवाह करने में असफल रहा, तब उसने हत्या करने की योजना बनाई।
पहले रेकी की फिर की हत्या
आरोपी दीपक पिछले लगभग डेढ़ माह से दवाइयों की मार्केटिंग के बहाने मोटरसाइकिल से मृतक के आने-जाने के मार्ग की जानकारी एकत्र कर रहा था तथा उनकी गतिविधियों पर नजर रखता था। कई दिनों तक नजर रखने के बाद, 31 अक्टूबर को जब महिपाल को अकेला पाया, तो उसने घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद मृतक की शिनाख्त न हो सके, इस उद्देश्य से दीपक ने मृतक का मोबाइल फोन ले गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *