भाकियू फिर यमुना प्राधिकरण के खिलाफ करेगा आंदोलन, 22 दिसंबर को होगी महापंचायत
- Nownoida editor1
- 04 Nov, 2025
Greater Noida: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के प्रभावित किसानों की लंबित मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) एक बार फिर बड़ा आंदोलन करने जा रही है। संगठन ने घोषणा की है कि आगामी 22 दिसंबर को ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर एक विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस महापंचायत में नोएडा से लेकर आगरा तक के किसान एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
राकेश टिकैत ने तय की आंदोलन की रूपरेखा
इसी क्रम में सोमवार को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ग्रेटर नोएडा पहुंचे। उन्होंने बिरौंडी स्थित संगठन कार्यालय पर पदाधिकारियों के साथ बैठक की और आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा की। बैठक में यमुना प्राधिकरण क्षेत्र से जुड़े सभी जिलों के पदाधिकारी शामिल हुए। बाद में आयोजित प्रेस वार्ता में टिकैत ने कहा कि यह आंदोलन किसानों की आवाज को नई दिशा देगा।
किसानों के मुद्दे अब निर्णायक मोड़ पर
टिकैत ने कहा कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के किसानों की टोल से जुड़ी समस्याएं, आबादी निस्तारण, 10% विकसित प्लॉट का बंटवारा, उचित मुआवजा और सर्विस रोड निर्माण जैसे मुद्दे वर्षों से लंबित हैं। किसान शांतिपूर्वक अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने उनकी आवाज को नजरअंदाज किया है। इसलिए अब 22 दिसंबर को किसान जीरो पॉइंट पर एकजुट होकर अपना हक मांगेंगे।
नोएडा से आगरा तक के किसान होंगे शामिल
भाकियू प्रवक्ता ने बताया कि इस महापंचायत में गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा सहित कई जिलों के किसान बड़ी संख्या में शामिल होंगे। यह आंदोलन सिर्फ एक जिले का नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों की सामूहिक आवाज होगा। पत्रकारों से बातचीत के दौरान राकेश टिकैत ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को पहला विश्व कप जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारे देश की बेटियां अब हर क्षेत्र में कमाल कर रही हैं, इसलिए उन्हें भी विदेशी खिलाड़ियों जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए। टिकैत ने कहा, “हमारी बेटियां देश का गौरव हैं, उन्होंने पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है।”
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







