नोएडा में प्यार में मिला धोखा तो महिला वकील ने दे दी जान, प्रेमी ने अश्लील वीडियो वायरल करने की दी थी धमकी

top-news
प्रेमी के धोखे से टूटी महिला अधिवक्ता ने किया आत्मघाती कदम

Noida: नोएडा के सेक्टर-105 में एक 24 वर्षीय महिला अधिवक्ता ने प्रेमी के धोखे से आहत होकर आत्महत्या कर ली। युवती ने अपने घर की दूसरी मंजिल पर पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि शादी का वादा करने के बाद प्रेमी के मुकरने और झगड़ा करने के तुरंत बाद उसने यह कदम उठाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।


फर्म मालिक से चल रहा था अफेयर

मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि परिवार मूलरूप से बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है और वर्तमान में सेक्टर-105, नोएडा में रहते हैं। उनकी बेटी ने बीते वर्ष मानव रचना विश्वविद्यालय, फरीदाबाद से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की थी। कोर्स पूरा करने के बाद वह दिल्ली के पंचशील पार्क क्षेत्र में स्थित पटना निवासी अभिप्रव सिंह की फर्म में इंटर्नशिप करने लगी। इंटर्नशिप के दौरान अभिप्रव और युवती के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता प्रेम में बदल गया।


शादी का झांसा देकर बनाए संबंध

करीब एक साल पहले आरोपी अभिप्रव ने युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और उसका वीडियो चुपके से रिकॉर्ड कर लिया।

इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। जब यह बात युवती के पिता को पता चली, तो उन्होंने अभिप्रव से पूछताछ की। आरोपी ने गलती स्वीकार करते हुए शादी का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में यह खुलासा हुआ कि उसकी सगाई मई 2025 में किसी अन्य युवती से हो चुकी है।


अश्लील वीडियो वायरल करने की दी धमकी

शिकायतकर्ता ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे उन्होंने अभिप्रव को अपने घर बुलाकर समझाने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी भड़क गया और धमकी दी कि यदि उनके परिवार ने हस्तक्षेप किया तो वह उनकी बेटी के निजी वीडियो वायरल कर देगा। इस दौरान उसने युवती के साथ भी गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया। झगड़े के दौरान अभिप्रव ने कहा कि “ऐसी लड़की को जीने का कोई अधिकार नहीं है।” इन बातों से मानसिक रूप से टूट चुकी युवती ने कुछ देर बाद कमरे में जाकर फंदा लगा लिया।


डायरी में लिखी आपबीती, पिता ने किया बड़ा खुलासा

करीब डेढ़ घंटे बाद, जब परिजन ऊपर गए तो उन्होंने बेटी को फंदे पर लटका पाया। उसे नीचे उतारकर तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद आरोपी अभिप्रव भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन परिजनों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को युवती के कमरे से एक डायरी मिली है, जिसमें उसने अपनी जीवन की पीड़ा और निजी अनुभव लिखे हैं। हालांकि पुलिस ने अब तक डायरी की सामग्री का खुलासा नहीं किया है। इलेक्ट्रिकल ठेकेदार मृतका का कहना है कि उनकी बेटी गर्भवती थी। आरोपी ने पूर्व में उसे गर्भपात की दवा भी खिलाई थी। यह जानकारी परिवार को बड़ी बेटी के माध्यम से मिली थी।


 2 वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था

पुलिस ने बताया कि 3 नवंबर को थाना सेक्टर-39 पर निजी अस्पताल से मेमो एक युवती प्रीति पुत्री रमाकांत प्रसाद (24) निवासी सेक्टर-105 द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने के सम्बन्ध में प्राप्त हुआ था। परिजनों द्वारा फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जानकारी की गयी तो परिजनों ने बताया गया कि प्रीति का अभिप्राय सिंह पुत्र अनिल कुमार (34) निवासी सेक्टर-76 से करीब 2 वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों पेशे से वकील हैं और एक ही ऑफिस में काम करते थे। अभिप्राय सिंह द्वारा शादी करने से मना करने पर प्रीति द्वारा आत्महत्या की गयी है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया हैं। मृतका के परिजनों द्वारा आरोपी अभिप्राय के विरुद्ध प्रार्थना पत्र दिया गया है, जिसके आधार पर अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त अभिप्राय को पुलिस हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *