नोएडा में हत्या, महिला का सिर और हाथ काट कर नाले में फेंका
नोएडा के सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के सैक्टर 82 के पास नाले में मिला महिला का शव
- Shiv Kumar
- 07 Nov, 2025
Noida: नोएडा में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। सेक्टर-82 कट के पास नाले में एक महिला का शव मिला, जिसका सिर और हाथ कटे हुए थे। सुबह करीब 11 बजे राहगीरों ने शव को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सेक्टर-39 कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है।
शव पानी में फूलने के बाद आया ऊपर
पुलिस ने बताया कि जब शव को नाले से बाहर निकाला गया तो उसका सिर धड़ से अलग था और हाथ भी कटे हुए थे। शरीर पर कई जगह गहरे घाव और चोटों के निशान मिले हैं। महिला ने पीले रंग का सूट पहना हुआ था। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या कहीं और की गई और पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव को यहां फेंका गया। पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। पानी में लंबे समय तक पड़े रहने से शव फूल गया था और ऊपर तैरने लगा, जिससे राहगीरों की नजर उस पर पड़ी।
100 से अधिक सीसीटीवी खंगाले
घटनास्थल से पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय और एक पुलिस चौकी कुछ ही दूरी पर स्थित हैं। इतनी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह के पास से शव बरामद होने से पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने जांच के लिए तीन टीमें गठित की हैं। अब तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी हैं। एडीसीपी सुमित कुमार शुक्ला ने बताया कि सभी एंगल से जांच की जा रही है। फिलहाल प्राथमिकता महिला की शिनाख्त करना है। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाई है। कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के जिलों में गुमशुदा महिलाओं की रिपोर्ट खंगाली जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







