महिला से बोला- रकम दोगुना करने का तगड़ी ट्रिक आई है, 11 लाख दो, 22 लाख ले लेना, फिर हैरान करने वाला वाकया!
- Shiv Kumar
- 02 Jan, 2026
नोएडा। साइबर ठगों ने एक बार फिर भरोसे और भावनाओं को निशाना बनाते हुए नोएडा के सेक्टर-8 में रहने वाली एक महिला से आठ लाख रुपये की ठगी कर ली। ठग ने पहले छोटे निवेश पर मुनाफा दिखाकर विश्वास जीता, फिर खुद को अनाथ बताकर मां-बेटे जैसा रिश्ता जोड़ा और भावनात्मक दबाव बनाते हुए मोटी रकम हड़प ली। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
छोटे मुनाफे से जीता भरोसा
सेक्टर-8 निवासी कलावती घरेलू सहायिका के रूप में काम करती हैं। दीपावली से पहले उन्हें एक व्हाट्सएप कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने अपना नाम विपिन बताया। बातचीत के दौरान ठग ने व्यापार में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा दिया। 13 अक्टूबर को महिला ने भरोसा करके दो हजार रुपये निवेश किए। अगले ही दिन ठग ने पेटीएम के जरिए 2500 रुपये वापस कर दिए। इस छोटे मुनाफे ने महिला का भरोसा पूरी तरह जीत लिया। महिला को लगा कि सामने वाला व्यक्ति सच में निवेश से मुनाफा दिला सकता है, यहीं से ठगी की कहानी ने गंभीर मोड़ ले लिया।
मां-बेटे का रिश्ता और इमोशनल ब्लैकमेल
इसके बाद ठग ने खुद को अनाथ बताते हुए महिला से भावनात्मक रिश्ता जोड़ लिया। उसने महिला को मां जैसा सम्मान देने की बात कही और भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही अपने 11 लाख रुपये भी महिला के खाते में जमा करेगा। इस तरह उसने भावनात्मक ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। ठग की बातों में आकर महिला ने 10 अक्टूबर से 17 नवंबर के बीच 18 बार में कुल आठ लाख रुपये उसके बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। हर बार ठग कोई न कोई बहाना बनाकर और रुपये मंगवाता रहा। जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो ठग ने फोन बंद कर लिया और संपर्क पूरी तरह तोड़ दिया।
साइबर क्राइम थाने में दर्ज हुई एफआईआर
ठगी का एहसास होने पर कलावती ने नोएडा के साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी विजय सिंह राणा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर निवेश न करें और लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई साइबर ठगों को न सौंपें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






