नोएडा में दो दोस्तों की मौत के बाद जमकर हंगामा, डीएम आवास का घेराव कर परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, जानें पूरा मामला
- Shiv Kumar
- 02 Jan, 2026
नोएडा। सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के सेक्टर-37 स्थित आर्मी स्कूल के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने अब हत्या का रूप ले लिया है। दोस्त के जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे बाइक सवार दो दोस्तों की मौत के मामले में नेपाल मूल के युवक बसंत के परिजनों ने कार चालक पर जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को आक्रोशित स्वजन डीएम आवास पहुंचे और आरोपित की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई। परिजनों ने साफ कहा कि जब तक आरोपी कार चालक और वाहन पकड़े नहीं जाते, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे। इस दौरान स्वजन ने पुलिस पर लापरवाही और सहयोग न करने के आरोप भी लगाए।
हादसे से पहले स्कॉर्पियो चालक से हुआ था विवाद
मृतक बसंत के भाई धीरज ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले सेक्टर-30 स्थित एक पराठे की दुकान पर उनके भाई का काली स्कॉर्पियो सवार युवक से विवाद हुआ था। विवाद के बाद बसंत ने अपने भाई और दोस्त को फोन कर इसकी जानकारी भी दी थी। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते स्कॉर्पियो चालक ने पीछा कर बाइक में जानबूझकर टक्कर मारी, जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। स्वजन का कहना है कि यह महज हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी हत्या है।
वीडियो फुटेज देने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं
परिजनों ने पुलिस को हादसे के दौरान कार के आने-जाने से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे हैं। इसके बावजूद अभी तक न तो कार बरामद हुई है और न ही चालक की गिरफ्तारी हो सकी है। स्वजन का आरोप है कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। वहीं, पुलिस दूसरे मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप चुकी है, लेकिन बसंत के परिजन आरोपी की गिरफ्तारी से पहले पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे हैं।
पुलिस बोली- तलाश में जुटी हैं टीमें
एडीसीपी नोएडा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कार और चालक की पहचान के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध वाहन की तलाश की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल, परिजनों के आरोपों के बाद यह मामला हादसे से आगे बढ़कर हत्या की जांच में तब्दील हो गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






