नोएडा के बोटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक जाएगी मेट्रो, भेजा गया नया प्रस्ताव, खर्च होंगे 2245 करोड़

top-news
नोएडा में बोटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक मेट्रो विस्तार प्रस्ताव महुआ को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही टेंडर जारी होंगे। 11.56 किमी लंबे इस कॉरिडोर से रोजाना 1 लाख से ज्यादा यात्रियों को फायदा मिलेगा।

नोएडा में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़ गया है। बोटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर को लेकर पब्लिक इंवेस्टमेंट बोर्ड (PIB) के बाद अब प्रस्ताव आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय (महुआ) को भेज दिया गया है। वहां इस परियोजना पर प्रजेंटेशन दिया जाएगा। महुआ से मंजूरी मिलते ही मेट्रो निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, लंबे समय से लंबित इस परियोजना के जमीन पर उतरने की उम्मीद अब मजबूत हो गई है।


इस मेट्रो कॉरिडोर की कुल लंबाई 11.56 किलोमीटर होगी, जिसके लिए करीब 2254.35 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस रूट की डीपीआर करीब पांच साल पहले तैयार की गई थी। मेट्रो अधिकारियों का दावा है कि इस लिंक लाइन के शुरू होने से रोजाना करीब 1 से 1.25 लाख यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। खासकर नोएडा के दफ्तरों और आईटी हब से जुड़े लोगों के लिए यह कॉरिडोर बेहद उपयोगी साबित होगा।


मंजूरी के बाद तुरंत शुरू होंगे तकनीकी काम
महुआ से हरी झंडी मिलते ही सबसे पहले स्वायल टेस्टिंग और डिटेल ड्राइंग डिजाइन (DDD) का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए संबंधित कंपनी का चयन पहले ही किया जा चुका है, जिससे समय की बचत होगी। एनएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार, सभी तैयारियां लगभग पूरी हैं और केवल अंतिम मंजूरी का इंतजार है। यह मेट्रो कॉरिडोर नोएडा के कई व्यस्त सेक्टरों को आपस में जोड़ेगा, जिससे सड़क पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा और लोगों का सफर सुगम बनेगा।


PIB में उठे सवालों के मिले संतोषजनक जवाब
पब्लिक इंवेस्टमेंट बोर्ड में हुई प्रजेंटेशन के दौरान इस परियोजना की वायबिलिटी को लेकर कई सवाल पूछे गए थे। बोर्ड ने जानना चाहा था कि पहले से चल रही मेट्रो लाइन घाटे में होने के बावजूद नई लाइन की जरूरत क्यों है और इसमें कितने यात्री सफर करेंगे। एनएमआरसी के एमडी ने यात्रियों की संभावित संख्या, भविष्य की जरूरत और शहरी विकास के आंकड़ों के साथ सभी सवालों के जवाब दिए। अधिकारियों के मुताबिक, PIB से पॉजिटिव रिस्पांस मिलने के बाद ही प्रस्ताव को आगे महुआ भेजा गया है।


इन सेक्टरों में बनेंगे मेट्रो स्टेशन
इस प्रस्तावित कॉरिडोर पर कुल आठ मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें बोटेनिकल गार्डन, नोएडा सेक्टर-44, नोएडा ऑफिस, नोएडा सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93 और पंचशील बालक इंटर कॉलेज शामिल हैं। सेक्टर-142 इस कॉरिडोर का अंतिम स्टेशन होगा। यह रूट नोएडा के आईटी और कॉर्पोरेट सेक्टर को सीधे जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।


ग्रेटर नोएडा में भी मेट्रो विस्तार को मंजूरी
केंद्र सरकार ग्रेटर नोएडा डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक मेट्रो विस्तार को पहले ही मंजूरी दे चुकी है। इस रूट पर सिर्फ जुनपत और बोड़ाकी दो स्टेशन बनाए जाएंगे। करीब 2.6 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड ट्रैक पर 416 करोड़ रुपए खर्च होंगे। अधिकारियों के अनुसार, यह एक्वा लाइन का सबसे छोटा लेकिन रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण विस्तार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *