पत्नी के साथ अवैध संबंध का शक, साढ़ू ने रची खौफनाक साजिश, पूरा मामला जान हिल जाएंगे आप!

top-news
नोएडा सेक्टर-126 में युवक अजय मुखिया की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। अवैध संबंध के शक में सगे साढ़ू ने साथी संग हत्या की और शव नाले में फेंक दिया। तीन आरोपी गिरफ्तार हुए।

नोएडा: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में हुई युवक की हत्या का खुलासा महज 24 घंटे के भीतर कर दिया। पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपियों और शव ठिकाने लगाने में मदद करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और शव छिपाने में प्रयुक्त ई-रिक्शा भी बरामद किया गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैलाने वाले इस हत्याकांड की पूरी साजिश सामने आ गई है।


अवैध संबंध के शक ने ले ली जान
पुलिस के मुताबिक 2 जनवरी 2026 को सेक्टर-126 थाने में एक महिला ने अपने पति अजय मुखिया (उम्र लगभग 24 वर्ष) की हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 002/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, बीट पुलिसिंग और लोकल इंटेलिजेंस के जरिए पुलिस ने तेजी से साक्ष्य जुटाए। जांच में सामने आया कि मृतक अजय अपने सगे साढ़ू रामवचन मांझी के घर आता-जाता था। रामवचन को शक था कि अजय उसकी पत्नी से अवैध संबंध बनाना चाहता है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हुआ था और करीब 20–25 दिन पहले झगड़ा भी हुआ था। इसी रंजिश ने हत्या की साजिश का रूप ले लिया।


शराब के बहाने बुलाकर की गई निर्मम हत्या
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रामवचन ने अपने दूसरे सगे साढ़ू साजन मांझी के साथ मिलकर अजय को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 28 दिसंबर 2025 को साजन ने अजय को शराब पीने के बहाने रायपुर क्षेत्र में बुलाया। इसके बाद दोनों उसे सेक्टर-128 के असगरपुर इलाके में ले गए, जहां उसे जमकर शराब पिलाई गई। नशे की हालत में अजय को ई-रिक्शा में बैठाकर सुनसान जगह ले जाया गया। वहां दोनों आरोपियों ने अजय के साथ बेरहमी से मारपीट की। साजन ने अजय के हाथ पकड़े और रामवचन ने उसका गला और मुंह दबा दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।


शव छिपाने में तीसरे आरोपी की भूमिका
हत्या के बाद आरोपी शव को पहले मिट्टी में दबाकर घर चले गए। अगले दिन शव ठिकाने लगाने के लिए उन्होंने अपने परिचित अशोक को शामिल किया। तीनों ने शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर ई-रिक्शा से घोड़ा फार्म और जिंदल फार्म के सामने बने गहरे नाले में फेंक दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने मृतक की तलाश का नाटक भी किया। हालांकि, पुलिस की सतर्कता से पूरी साजिश बेनकाब हो गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *