हरकेश हत्याकांड में बड़ा एक्शन, पुलिस ने दो को दबोचा, जानें चर्चित मर्डर केस की पूरी कहानी!

top-news
ग्रेटर नोएडा के हरकेश हत्याकांड में दादरी पुलिस ने दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गाड़ी खड़ी करने के विवाद में हुई हत्या के मामले में अब तक चार आरोपी पकड़े जा चुके हैं।

ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में हुए हरकेश हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दादरी पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को दबोचा जा चुका था। ताजा गिरफ्तारी के साथ इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब तक कुल चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


यह घटना रविवार रात की है, जब हरकेश ग्रेटर नोएडा से अपने गांव कैमराला लौट रहा था। गांव के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने हरकेश व उसके दोस्त मोहित पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हरकेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं मोहित का इलाज अभी भी चल रहा है।


गाड़ी खड़ी करने के विवाद में हुई थी हत्या
पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद पूरी तरह गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ था। पहले बहस हुई, फिर आरोपियों ने अपने साथियों को बुला लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में हरकेश को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही हालत नाजुक हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर दादरी पुलिस ने पांच नामजद और कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से ही गांव और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बना हुआ था।


मैनुअल इंटेलिजेंस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
दादरी पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर फरार चल रहे आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने सोनू निवासी कैमराला, दादरी और हर्ष हूण निवासी दनकौर को आरवी नॉर्थलैंड तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के पास से एक-एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।


जल्द पकड़े जाएंगे बाकी आरोपी: पुलिस
एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कुल चार आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *