ग्रेटर नोएडा में बंद कमरे में मिली लाश, किराए के मकान में संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप

top-news
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में किराए के कमरे में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। कमरा अंदर से बंद था, हालांकि शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक की लाश बंद कमरे में पड़ी मिली। डायल-112 के से थाना सूरजपुर पुलिस को सूचना मिली कि बालाजी डेयरी के पास स्थित एक किराए के मकान में शव मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर अंदर जाकर जांच की। कमरे के अंदर एक युवक का शव पड़ा था। उसकी पहचान सत्यवीर पुत्र गिर्राज सिंह के रूप में हुई है। सत्यवीर मूल रूप से ग्राम सरकोरिया, थाना इगलास, जनपद अलीगढ़ का रहने वाला था और वर्तमान में कस्बा व थाना सूरजपुर क्षेत्र में किराए के मकान में अकेला रह रहा था। मृतक की उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है।


कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के जाहिरा चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। कमरा अंदर से बंद था, जिससे मामला और भी संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और मृतक के परिजनों को भी सूचना दी गई, जो कुछ ही देर में घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।


पूरे इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूरजपुर थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी हुई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले या बाद में कोई संदिग्ध व्यक्ति उस मकान के आसपास आया था या नहीं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सत्यवीर किन लोगों के संपर्क में था और हाल के दिनों में उसकी किसी से कोई कहासुनी या विवाद तो नहीं हुआ था।


पंचायतनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने मौके पर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना सूरजपुर पुलिस का कहना है कि फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनी हुई है और किसी तरह की अफवाह फैलने की स्थिति नहीं है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।


परिजनों और स्थानीय लोगों में चिंता
बंद कमरे में युवक की मौत से आसपास के लोगों में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सत्यवीर शांत स्वभाव का था और किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं रखता था। अचानक इस तरह उसकी मौत होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *