सिलाई के धागे बनाने वाली कंपनी में काम करता था युवक, पार कर दिए 15 लाख के तीन पेटी धागे, पुलिस ने दबोचा
- Shiv Kumar
- 13 Jan, 2026
नोएडा में सिलाई के धागों के बड़े गबन मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। सेक्टर-63ए स्थित एक थ्रेड कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी ने ही कंपनी के लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया था। आरोपी करीब 15 लाख रुपये कीमत के 300 पेटी धागे लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी संतोष कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए किया। थ्रेड कंपनी से Puma, Reebok और Adidas जैसी मल्टीनेशनल कंपनियों को सिलाई के धागे की सप्लाई की जाती है। कंपनी प्रबंधन को जब माल सप्लाई न होने की जानकारी मिली तो आंतरिक जांच के बाद सेक्टर-63 थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
कंपनी का भरोसा तोड़कर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान धीरज सक्सेना पुत्र राकेश सक्सेना के रूप में हुई है। वह कंपनी में फील्ड यूनिट के पद पर कार्यरत था और ऑर्डर मिलने के बाद फैक्ट्री से माल लेकर ग्राहकों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी उसी की थी। दिनांक 4 जनवरी 2026 को आरोपी कंपनी से माल लेकर निकला, लेकिन तय स्थान पर माल नहीं पहुंचाया। इसके बाद करीब 300 पेटी धागे का गबन कर वह फरार हो गया। वादी की तहरीर पर थाना सेक्टर-63 में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से आरोपी वांछित चल रहा था।
पुलिस की कार्रवाई में 15 लाख का माल बरामद
थाना सेक्टर-63 पुलिस ने आरोपी को पुस्ता मोड़, न्यू उस्मानपुर के पास से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बड़ी मात्रा में चोरी और गबन किया गया सामान बरामद किया है। बरामदगी में 16 बोरे अलग-अलग आर्टिकल नंबर के धागे, 116 पेटियां धागे, 3236 बॉक्स धागे, तीन पारदर्शी पन्नी पैकेट रंगीन धागे और छह पेटियां थ्रेड कटर शामिल हैं। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
लालच में आकर की गबन की वारदात
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि कंपनी मालिक का विश्वास हासिल करने के बाद वह लालच में आ गया और इसी वजह से उसने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने स्वीकार किया कि गबन किया गया सामान उसने एक कबाड़ी को बेच दिया था। पुलिस अब उस कबाड़ी की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और गबन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






