बिसरख में पार्किंग विवाद में मारपीट, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को दबोचा

top-news
नोएडा व ग्रेटर नोएडा से अपराध की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आईं हैं। बिसरख में पार्किंग विवाद में मारपीट हुई है। वहीं नॉलेज पार्क में डग्गामार व सरकारी बसों के बीच सवारी को लेकर विवाद हुआ है। इसके अलावा प्रीमेच्योर डिलीवरी से नवजात की मौत के बाद मां उसके शव को अस्पताल में ही छोड़कर चली गई है।

ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार और मंगलवार को कानून-व्यवस्था से जुड़े तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। कहीं गाड़ी पार्क करने को लेकर जमकर मारपीट हुई, तो कहीं प्रीमेच्योर डिलीवरी के बाद नवजात की मौत के मामले में संवेदनशील स्थिति देखने को मिली। वहीं नॉलेज पार्क क्षेत्र में डग्गामार और सरकारी बसों के बीच सवारी भरने को लेकर विवाद के चलते सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने सभी मामलों में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


गाड़ी पार्क करने को लेकर विवाद, दो आरोपी गिरफ्तार
थाना बिसरख क्षेत्र के फर्स्ट एवेन्यू गौर सिटी-1 में 13 जनवरी 2026 को गाड़ी पार्क करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, सुशांत गुप्ता पुत्र मनोज कुमार गुप्ता का कार चालक गुड्डू कुमार पुत्र कर्मवीर सिंह निवासी पिशावा, अलीगढ़ और कार मालिक आयुष पुत्र संतोष सिंह निवासी फर्स्ट एवेन्यू गौर सिटी से विवाद हो गया। वादी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत करते हुए कार मालिक आयुष और कार चालक गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोसाइटी में पार्किंग को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है, जिसे लेकर प्रशासन से सख्त व्यवस्था की मांग भी की जा रही है।


प्रीमेच्योर डिलीवरी के बाद नवजात की मौत, अस्पताल में छोड़ा गया शव
थाना बिसरख पुलिस को 9 जनवरी 2026 को मीमो के माध्यम से सूचना मिली कि एक महिला ने प्रीमेच्योर डिलीवरी के बाद नवजात शिशु की मौत होने पर शव को अस्पताल में ही छोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, नवजात की उम्र मात्र दो दिन थी और अगले दिन उसकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और एडमिशन फाइल के आधार पर नवजात के माता-पिता की जानकारी जुटाई। मोबाइल नंबर के जरिए संपर्क करने पर पता चला कि बच्चे के माता-पिता गाजियाबाद में कहीं काम करते हैं। पुलिस ने नियमानुसार नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई। इस मामले में भी पुलिस अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।


डग्गामार और सरकारी बसों में सवारी भरने को लेकर हंगामा
नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र की अंसल चौकी के पास डग्गामार बसों और सरकारी रोडवेज बसों के बीच सवारी भरने को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डग्गामार वाहन नियमों को ताक पर रखकर सवारी भर रहे थे, जिससे रोडवेज कर्मचारियों में नाराजगी देखी गई। विवाद बढ़ने पर रोडवेज बसों ने सड़क पर गाड़ियां खड़ी कर दीं, जिससे कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *