विदेश में नौकरी का झांसा देकर युवाओं के साथ खेल कर रहा था एजेंट, पुलिस को लगी भनक, सिखाया ऐसा सबक, हर कोई बोला बढ़िया
- Shiv Kumar
- 14 Jan, 2026
विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर भारतीय युवाओं को साइबर ठगी के जाल में फंसाने वाले एक फर्जी एजेंट को थाना साइबर क्राइम नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी शुभम पुंडीर को जनपद शामली से पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अब तक देश के अलग-अलग राज्यों के करीब छह युवाओं को विदेश भेजकर म्यांमार में बैठे साइबर अपराधियों के हवाले कर चुका है। यह पूरा नेटवर्क सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को फंसाने और उनसे जबरन साइबर ठगी कराने से जुड़ा हुआ है।
इंस्टाग्राम से संपर्क, थाईलैंड भेजकर म्यांमार में कैद
पीड़ित की तहरीर के अनुसार, नोएडा सेक्टर-73 निवासी युवक से आरोपी शुभम का संपर्क इंस्टाग्राम के जरिए हुआ था। आरोपी ने थाईलैंड में डाटा एंट्री की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 80 हजार रुपये लिए। इसके बाद पीड़ित को एयर टिकट पर थाईलैंड भेजा गया। वहां पहुंचते ही उसे साइबर अपराधियों ने अपने कब्जे में लेकर जबरन म्यांमार ले जाया। पीड़ित ने बताया कि म्यांमार में उसे साइबर स्लेवरी की तरह रखा गया, जहां फेसबुक, इंस्टाग्राम, टिंडर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए विदेशी नागरिकों को मैसेज भेजकर ठगी कराई जाती थी। किसी भी तरह से इंकार करने पर मारपीट और धमकी दी जाती थी। बाद में रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए पीड़ित को भारत लाया गया, जिसके बाद उसने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पहले से दर्ज हैं कई गंभीर मुकदमे
जांच में सामने आया है कि आरोपी शुभम पुंडीर कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ पहले से ही मुंबई और महाराष्ट्र में धोखाधड़ी, जालसाजी और आईटी एक्ट से जुड़े कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। नोएडा साइबर क्राइम थाने में भी आरोपी के खिलाफ बीएनएस की कई धाराओं और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को आकर्षक विदेशी नौकरी का लालच देता था और फिर उन्हें अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह के हवाले कर देता था। इस पूरे नेटवर्क में और भी लोगों की संलिप्तता की आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस की अपील: सतर्क रहें, जल्दबाजी न करें
नोएडा साइबर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया के जरिए मिलने वाले विदेशी नौकरी के ऑफर पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी एजेंट या कंपनी की वैधता, लाइसेंस और कार्यालय पते की जांच जरूर करें। नौकरी के नाम पर अग्रिम पैसे मांगने वालों से सावधान रहें। पुलिस ने यह भी कहा कि किसी भी संदिग्ध जॉब ऑफर या साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






