दो साल पहले पत्नी से हुआ था तलाक, मानसिक रूप से परेशान था युवक, अब चुन ली मौत
- Shiv Kumar
- 15 Jan, 2026
नोएडा के सेक्टर-52 स्थित अरावली अपार्टमेंट से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां किराए पर रहने वाले युवक ने अपने फ्लैट में फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के रहने वाले अंकित वर्मा के रूप में हुई है। वह नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और पिछले कुछ वर्षों से इसी सोसाइटी में रह रहा था। घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-24 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार युवक मानसिक तनाव में चल रहा था, जिस कारण उसने यह कदम उठाया।
परिजनों का कॉल न उठने पर हुआ खुलासा
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ओपी यादव के अनुसार, मंगलवार शाम अंकित के परिजनों ने उसे कॉल किया था, लेकिन काफी देर तक संपर्क नहीं हो पाया। इस पर परिजनों ने सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष से संपर्क कर मदद मांगी। हालांकि, बिना पुलिस की मौजूदगी के फ्लैट खुलवाना संभव नहीं था। बुधवार सुबह परिजनों ने अंकित के एक दोस्त को फ्लैट पर भेजा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, जहां अंकित का शव जमीन पर पड़ा मिला। उसके गले में बेडशीट बंधी हुई थी।
बेडशीट फटने से नीचे गिरा शव, तनाव में था युवक
पुलिस और आरडब्ल्यूए अध्यक्ष के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अंकित ने बेडशीट के सहारे फंदा लगाया था, लेकिन वजन अधिक होने के कारण बेडशीट फट गई और वह नीचे जमीन पर गिर गया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले अंकित का पत्नी से तलाक हो गया था। इसके बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






