पैरामाउंट सोसाइटी की बालकनी में मिली युवक की लाश, मचा हड़कंप, मामले की जांच में जुटी पुलिस

top-news
ग्रेटर नोएडा की पैरामाउंट सोसाइटी के ओक टावर की बालकनी में 20 वर्षीय युवक मनीष का शव मिला। पुलिस को आशंका है कि युवक ने छत से कूदकर आत्महत्या की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित पैरामाउंट सोसाइटी से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। गुरुवार 15 जनवरी 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि सोसाइटी के ओक टावर की बालकनी में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना सूरजपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक की पहचान मनीष पुत्र लीले के रूप में की है, जो बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निजामपुर का रहने वाला था। मृतक की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।


बालकनी में मिला शव, छत से कूदने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मनीष का शव ओक टावर की बालकनी में पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक ने छत से कूदकर आत्महत्या की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर रही है कि युवक सोसाइटी में किस उद्देश्य से आया था और घटना के समय वह अकेला था या किसी के साथ।


पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
थाना सूरजपुर पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मामले में किसी तरह की सुसाइड नोट या स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ-साथ युवक की पृष्ठभूमि और मानसिक स्थिति से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। अन्य सभी विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *