ग्रेटर नोएडा में एक और वारदात, मामले का वीडियो वायरल, मच गया हड़कंप, जानें पूरा मामला
- Shiv Kumar
- 15 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक बार फिर चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बिसरख थाना क्षेत्र स्थित अरिहंत अंबर सोसाइटी के मुख्य गेट के सामने एक महिला से चेन लूट की घटना हुई है। यह पूरी वारदात सोसाइटी के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार बदमाश बड़ी आसानी से महिला के गले से चेन छीनकर मौके से फरार हो जाता है। यह घटना 25 दिसंबर की बताई जा रही है, हालांकि इसका वीडियो अब सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सोसाइटी में घुसते समय हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब दो महिलाएं बाजार से खरीदारी कर अरिहंत अंबर सोसाइटी में प्रवेश कर रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार एक युवक आया और पीछे चल रही महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से चेन झपट ली। अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गई और सहमते हुए अपने गले को पकड़कर देखने लगी। जब तक वह कुछ समझ पाती और शोर मचाती, बदमाश बाइक से तेजी से फरार हो चुका था। आसपास मौजूद लोग भी अचानक हुई इस वारदात को देखकर कुछ पल के लिए हक्का-बक्का रह गए। सोसाइटी का मुख्य गेट होने के बावजूद इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
CCTV फुटेज वायरल, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
इस पूरी घटना का वीडियो सोसाइटी के मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बदमाश किस तरह मौके की तलाश में पीछे से आता है और पलक झपकते ही चेन लूटकर फरार हो जाता है। पीड़ित महिला की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आसपास के इलाकों में लगे अन्य कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि बदमाश तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
लगातार बढ़ रही चेन स्नेचिंग की घटनाएं
गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके में चेन लूट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। आए दिन महिलाओं को निशाना बनाकर इस तरह की वारदातें की जा रही हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में रोष और डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि सोसाइटी गेट, बाजार और मुख्य सड़कों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए। साथ ही संदिग्ध बाइक सवारों पर सख्त नजर रखने की जरूरत है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






