यमुना सिटी में जल्द बनेगी जापानी इंडस्ट्रियल सिटी, 395 हेक्टेयर में बसेगा नया शहर, आज दिल्ली में अहम बैठक
- Shiv Kumar
- 16 Jan, 2026
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) यमुना सिटी में जापानी इंडस्ट्रियल सिटी विकसित करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए जमीन स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को दिल्ली में जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JETRO) के साथ एक अहम बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में जापान की कई प्रमुख कंपनियों और उद्यमियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। YEIDA का मकसद है कि प्रस्तावित जापानी सिटी को पूरी तरह जापानी निवेशकों की जरूरतों और अपेक्षाओं के अनुसार विकसित किया जाए, ताकि भविष्य में बड़े पैमाने पर विदेशी निवेश आकर्षित हो सके।
JETRO के साथ बैठक से तय होगी परियोजना की दिशा
YEIDA अधिकारियों के मुताबिक, JETRO के साथ होने वाली बैठक को परियोजना के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। बैठक के दौरान जापानी कंपनियों से यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि वे यमुना सिटी में प्रस्तावित जापानी इंडस्ट्रियल सिटी को किस स्वरूप में देखना चाहती हैं। कंपनियों से मिलने वाले सुझावों को मास्टर प्लान और परियोजना की रूपरेखा में शामिल किया जाएगा। अधिकारी बताते हैं कि जापानी कंपनियां आमतौर पर बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, सुव्यवस्थित औद्योगिक क्लस्टर, लॉजिस्टिक्स और क्वालिटी ऑफ लाइफ पर विशेष ध्यान देती हैं। ऐसे में YEIDA चाहता है कि शुरुआत से ही सभी आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर योजना तैयार की जाए, जिससे निवेशकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
395 हेक्टेयर में विकसित होगी जापानी इंडस्ट्रियल सिटी
YEIDA की योजना यमुना सिटी में लगभग 395 हेक्टेयर क्षेत्र में जापानी इंडस्ट्रियल सिटी विकसित करने की है। इससे पहले प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर के सिंह ने राजस्थान के नीमराना का दौरा किया था, जहां पहले से एक जापानी औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि नीमराना दौरे से जापानी औद्योगिक इकोसिस्टम, कार्य संस्कृति और निवेश मॉडल को समझने में काफी मदद मिली। इसी अनुभव के आधार पर यमुना सिटी में भी आधुनिक सुविधाओं से लैस इंडस्ट्रियल सिटी विकसित करने की तैयारी है, जो वैश्विक मानकों पर खरी उतर सके।
आवश्यकता के अनुसार भूखंड और मिक्स्ड लैंड यूज पर विचार
अधिकारियों ने बताया कि YEIDA अब बड़े जापानी उद्योगों को यमुना सिटी में लाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है। कई कंपनियों के साथ प्रारंभिक स्तर पर बातचीत भी हो चुकी है। 16 जनवरी की बैठक में जापानी उद्यमियों से यह भी पूछा जाएगा कि उन्हें किस आकार और किस प्रकार के औद्योगिक भूखंडों की आवश्यकता है। इसके साथ ही यह जानने की कोशिश होगी कि कंपनियां केवल औद्योगिक सुविधाएं चाहती हैं या आवासीय, वाणिज्यिक और अन्य सहायक सुविधाओं की भी मांग है। यदि ऐसी मांग सामने आती है, तो YEIDA जापानी सिटी में मिक्स्ड लैंड यूज सेक्टर विकसित करने पर भी विचार कर सकता है। अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना पूरी तरह जापानी उद्योगों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है, इसलिए निवेशकों के सुझाव सबसे अहम होंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






