शेयर बाजार में इन्वेस्ट करो और 30 परसेंट प्रॉफिट कमाओ, फंस गए नोएडा के इंजीनियर साहब, मामला जानकर आपको भी लगेगा झटका!
- Shiv Kumar
- 16 Jan, 2026
नोएडा के सेक्टर-20 थाना क्षेत्र स्थित निठारी गांव में रहने वाले एक इंजीनियर साइबर ठगों का शिकार हो गए। शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देकर ठगों ने उनसे करीब 18 लाख रुपये ठग लिए। ठगी की यह घटना दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच हुई। पीड़ित इंजीनियर नर्मदेश्वर झा ने साइबर क्राइम थाना और एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह मामला एक बार फिर ऑनलाइन निवेश के नाम पर हो रही साइबर ठगी के बढ़ते खतरे को उजागर करता है।
मुनाफे का झांसा देकर जीता भरोसा
पीड़ित इंजीनियर नर्मदेश्वर झा के मुताबिक, 16 दिसंबर 2025 को अनिल गोयल नाम के एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। उसने खुद को शेयर बाजार का एक्सपर्ट बताते हुए एक मोबाइल एप के जरिए निवेश करने पर 30 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने का दावा किया। शुरुआत में इंजीनियर ने 50 हजार रुपये निवेश किए। कुछ ही दिनों में एप पर 7,500 रुपये का मुनाफा दिखाया गया, जो उनके बैंक खाते में भी ट्रांसफर कर दिया गया। इससे इंजीनियर का भरोसा ठगों पर और मजबूत हो गया और उन्होंने निवेश की रकम बढ़ा दी।
किस्तों में ट्रांसफर किए 18 लाख रुपये
भरोसा बढ़ने के बाद इंजीनियर ने 8 जनवरी 2026 तक अलग-अलग किश्तों में करीब 18 लाख रुपये ठगों के बताए गए विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगों द्वारा दिए गए एप पर उनका पोर्टफोलियो लगातार बढ़ता दिखाया जा रहा था और कुछ ही दिनों में निवेश की कुल राशि 80 लाख रुपये से ज्यादा दिखाई देने लगी। ठग लगातार मुनाफे का लालच देकर और पैसे निवेश करने का दबाव बनाते रहे, जिससे इंजीनियर को किसी तरह की शंका नहीं हुई।
पैसे निकालते ही सामने आई सच्चाई
जब इंजीनियर ने पूरी रकम निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने टैक्स और ट्रांसफर फीस के नाम पर और पैसे मांगे। इस बार इंजीनियर को शक हुआ और उन्होंने अतिरिक्त रकम देने से मना कर दिया। इसके बाद ठगों ने उनसे संपर्क तोड़ दिया और एप भी काम करना बंद कर दिया। तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने तुरंत एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर क्राइम थाना सेक्टर-20 में भी तहरीर दी।
पुलिस कर रही है जांच
साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय सिंह राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश से पहले पूरी जानकारी लें और किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे निवेश न करें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






