गौतमबुद्धनगर में 18 जनवरी को चुनाव आयोग का बूथ लेवल कार्यक्रम, मतदान केंद्रों पर बीएलओ पढ़ेंगे निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप
- Shiv Kumar
- 16 Jan, 2026
भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 शुरू कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल कुमार ने जानकारी दी कि जनपद में निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप प्रकाशन 6 जनवरी 2026 को कर दिया गया है। यह प्रकाशित मतदाता सूचियां सभी मतदान केंद्रों पर, संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के पास, तहसील कार्यालयों और जिला निर्वाचन कार्यालय में निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी।
18 जनवरी को सभी मतदान केंद्रों पर पढ़ी जाएगी मतदाता सूची
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान के तहत 18 जनवरी 2026, रविवार को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केंद्र पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में संबंधित बीएलओ मतदाताओं की उपस्थिति में ड्राफ्ट मतदाता सूची का वाचन करेंगे। इस दौरान पदाभिहित अधिकारी, सुपरवाइजर और अन्य संबंधित कार्मिक भी मौजूद रहेंगे। बैठक से पहले बीएलओ द्वारा अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में मतदाताओं को इसकी पूर्व सूचना दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग उपस्थित होकर मतदाता सूची की जांच कर सकें और किसी भी प्रकार की त्रुटि या अशुद्धि होने पर समय रहते उसका संशोधन कराया जा सके।
फॉर्म-6, 7 और 8 के जरिए होगा नाम जोड़ने-संशोधन का काम
अतुल कुमार ने बताया कि सभी बीएलओ अपने साथ अद्यतन मतदाता सूची के साथ पर्याप्त मात्रा में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 तथा घोषणा पत्र (अनुलग्नक-4) उपलब्ध रखेंगे। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं, महिलाओं और छूटे हुए पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे। वहीं नाम विलोपन, संशोधन और अन्य सुधारों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन लिए जाएंगे।
विद्यालय और अन्य मतदेय स्थल रहेंगे खुले, अधिकारी करेंगे भ्रमण
उन्होंने बताया कि 18 जनवरी 2026 को जनपद के सभी विद्यालय और अन्य भवन, जहां मतदेय स्थल स्थापित हैं, पूरे दिन खुले रहेंगे। इन केंद्रों पर बीएलओ के सहयोग के लिए नियुक्त शिक्षक और अन्य कार्मिक उपस्थित रहकर इस कार्य को विशेष अभियान के रूप में पूरा करेंगे। सभी निर्वाचक और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर अभियान की निगरानी करेंगे और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराएंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






