फूलों की खुशबू से महकेगा ग्रेटर नोएडा, चौक-चौहारों से लेकर पूरा शहर नजर आएगा रंग बिरंगा, सिटी पार्क में लगेगी पुष्प प्रदर्शनी
- Shiv Kumar
- 17 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा को आने वाले दिनों में फूलों की खुशबू और रंगों से सजाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की प्रस्तावित पुष्प प्रदर्शनी का थीम फ्लावर ‘कैलेंडुला’ तय किया गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब यह फूल सिर्फ सिटी पार्क तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि शहर के प्रमुख चौराहों, ग्रीन बेल्ट और सड़कों के सेंट्रल वर्ज पर भी नजर आएंगे। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर उद्यान विभाग ने इसकी रूपरेखा तैयार कर ली है, ताकि शहरवासी पहले से ही पुष्प प्रदर्शनी के माहौल को महसूस कर सकें।
चौराहों और ग्रीन बेल्ट पर कैलेंडुला लगाने के निर्देश
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा ने शुक्रवार को ग्रीन बेल्ट, सेंट्रल वर्ज और गोलचक्करों को अडॉप्शन पर लेने वाली एजेंसियों के साथ बैठक की। बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि जिन एजेंसियों ने चौराहे, ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज अडॉप्ट किए हैं, वे निर्धारित समय के भीतर वहां कैलेंडुला के पौधे लगाएं। एजेंसियों को इसके लिए 5 दिन का समय दिया गया है, ताकि फरवरी के अंत तक पौधों में फूल भी आ सकें। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि यह काम सिर्फ औपचारिकता नहीं है, बल्कि शहर की सुंदरता और पुष्प प्रदर्शनी की थीम से सीधा जुड़ा हुआ है।
पुष्प प्रदर्शनी से पहले शहर को मिलेगा नया लुक
प्राधिकरण की योजना है कि 26, 27, 28 फरवरी और 01 मार्च को सिटी पार्क में होने वाली पुष्प प्रदर्शनी से पहले पूरा शहर कैलेंडुला फूलों से सजा हुआ नजर आए। इसके लिए उद्यान विभाग की टीम नियमित रूप से निगरानी करेगी। किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। संदीप चंद्रा ने बताया कि फिलहाल ग्रेटर नोएडा में 40 गोलचक्कर, 45 ग्रीन बेल्ट और 17 सेंट्रल वर्ज अडॉप्शन पर दिए गए हैं। इन सभी स्थानों पर तय समय सीमा में कैलेंडुला पौधे लगाए जाएंगे। बैठक में उप महाप्रबंधक एसके जैन, वरिष्ठ प्रबंधक रामकुमार और अजित भाई पटेल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






