नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन, अलग-अलग राज्यों में वाहन चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को दबोचा, 15 दोपहिया बरामद

top-news
नोएडा की सेक्टर-58 पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी के 15 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपी नोएडा और दिल्ली-एनसीआर में 100 से अधिक वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके थे।

नोएडा के थाना सेक्टर-58 पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दोपहिया वाहन चोरी करने वाले दो शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी के कुल 15 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त नोएडा और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय थे और अब तक 100 से अधिक वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।


लोकल इंटेलिजेंस से मिली सफलता
पुलिस के अनुसार, 16 जनवरी 2026 को थाना सेक्टर-58 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए एनआईबी चौकी बॉर्डर खोडा रोड से अभियुक्त अनुराग पुत्र अजय पांडे और देवदत्त शर्मा पुत्र रविदत्त शर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के वाहन चोर हैं। ये लोग भीड़भाड़ वाली मार्केट, कंपनियों और रिहायशी इलाकों की पार्किंग में रैकी कर मौका देखते ही दोपहिया वाहन चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान जगहों पर छिपा दिया जाता था और पुलिस की नजर से बचने के लिए समय-समय पर स्थान बदलते रहते थे।


100 से ज्यादा चोरी की घटनाओं को दिया अंजाम
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने नोएडा और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में 100 से अधिक दोपहिया वाहन चोरी किए हैं। पुलिस ने बताया कि बरामद वाहनों में कई ऐसे वाहन हैं, जिनकी चोरी के मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। इनमें आम्रपाली सिलिकॉन सिटी सेक्टर-76 से चोरी की गई मोटरसाइकिल, दिल्ली के जगतपुरी और गाजीपुर इलाके से चोरी की गई बाइक और स्कूटी भी शामिल हैं। पुलिस शेष बरामद वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।


पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस के मुताबिक, दोनों अभियुक्त पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। अभियुक्त अनुराग सुल्तानपुर जिले का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली के न्यू कोंडली में रह रहा था, जबकि देवदत्त शर्मा राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला है और फिलहाल नोएडा के सेक्टर-55 में रह रहा था। पुलिस ने दोनों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी के वाहन आगे किसे बेचे जाते थे।


बरामदगी से कई मामलों के खुलने की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि 15 दोपहिया वाहनों की बरामदगी से वाहन चोरी से जुड़े कई लंबित मामलों का खुलासा होने की संभावना है। दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *