जेवर में सरकारी जमीन पर कर लिया कब्जा, हरकत में आया प्रशासन, की ऐसी कार्रवाई कि मांफी मांगते फिरेंगे आरोपी!
- Shiv Kumar
- 17 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा के जेवर तहसील क्षेत्र स्थित दयानतपुर गांव में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। आरोप है कि गांव के तीन लोगों ने नियमों को ताक पर रखकर सरकारी भूमि पर कब्जा कर निर्माण करा लिया। स्थानीय स्तर पर शिकायत मिलने के बावजूद जब निर्माण नहीं हटाया गया, तो अंततः प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस कार्रवाई के बाद गांव में हड़कंप मचा हुआ है।
जांच में पुष्टि, चेतावनी के बाद भी नहीं हटाया निर्माण
प्राप्त जानकारी के अनुसार दयानतपुर गांव में महेश, मुकेश और कुमारपाल ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से निर्माण कर लिया था। इस संबंध में शिकायत मिलने पर क्षेत्र के लेखपाल प्रदीप ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि निर्माण सरकारी भूमि पर किया गया है। लेखपाल ने आरोपियों को कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए, लेकिन आरोपियों ने इन आदेशों को गंभीरता से नहीं लिया और निर्माण जस का तस बना रहा।
जेवर कोतवाली में दर्ज हुआ मुकदमा
लगातार चेतावनी के बावजूद जब अवैध निर्माण नहीं हटाया गया, तो लेखपाल प्रदीप ने शनिवार को जेवर कोतवाली में तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जरूरत पड़ने पर निर्माण ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा सकती है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






