दादरी में पड़ोसियों के बीच लाठी-डंडों से हिंसक झड़प, महिला से भी मारपीट, CCTV में कैद वारदात
- Shiv Kumar
- 17 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो पड़ोसी पक्षों के बीच पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। तुलसी विहार इलाके में देर रात लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक महिला को भी नहीं बख्शा गया। पूरी घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
दुकान के बाहर हुआ हमला, महिला भी बनी निशाना
पीड़ित भीम सिंह ने बताया कि वह रात के समय अपनी पत्नी के साथ दुकान के बाहर खड़े थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले तीन से चार लोग अचानक लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते उन्होंने हमला कर दिया। भीम सिंह के अनुसार, हमलावरों ने बिना किसी उकसावे के मारपीट की और बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी को भी लाठियों से पीटा गया। इस अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सहम गए।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात
मारपीट की यह पूरी घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो से तीन युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर मौके पर आते हैं और पीड़ित दंपती पर हमला कर देते हैं। वीडियो में महिला के साथ की गई मारपीट भी स्पष्ट नजर आ रही है। CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस के लिए मामले की जांच में अहम सबूत मिल गया है।
पुलिस ने कराया मेडिकल, कार्रवाई की तैयारी
दादरी थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष पड़ोसी हैं और किसी बात को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, जो मारपीट में बदल गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष का मेडिकल परीक्षण कराया है और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






