नोएडा हादसे से सीख लेकर ग्रेनो सतर्क, सुरक्षा के लिए किए गए विशेष इंतजाम, सड़कों पर घूमे एसीईओ सुमित यादव

top-news
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सड़क हादसों को रोकने के लिए विशेष सुरक्षा अभियान शुरू किया है। इसको लेकर एसीईओ सुमित यादव ने 130 मीटर रोड समेत कई इलाकों का निरीक्षण किया है। गड्ढे, शार्प यूटर्न और ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।

नोएडा में हाल ही में सड़क किनारे बने बेसमेंट में कार गिरने और पानी में डूबने से इंजीनयर युवराज की मौत की घटना के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से एक व्यापक सुरक्षा अभियान की शुरुआत की है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने सड़कों पर और आसपास मौजूद सभी गड्ढों को चिह्नित कर तत्काल भरने और दिशा संकेतकों समेत सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के बाद पूरे प्राधिकरण स्तर पर युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया गया है।


दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के पहचान में जुटीं वर्क सर्किल टीमें
सीईओ के निर्देशों के अनुपालन में एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने रविवार देर शाम महाप्रबंधक एके सिंह और सभी वर्क सर्किल प्रभारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। बैठक में सभी सहायक प्रबंधकों, प्रबंधकों और वरिष्ठ प्रबंधकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर सड़क दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान करें। इनमें गड्ढे, शार्प यूटर्न, ब्लैक स्पॉट और अन्य जोखिम वाले स्थान शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए तीन दिन की समय-सीमा तय की गई है। सोमवार से ही इस विशेष अभियान की शुरुआत कर दी गई है और सभी वर्क सर्किल की टीमें फील्ड में सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।


130 मीटर रोड समेत कई इलाकों का ACEO ने किया निरीक्षण
एसीईओ सुमित यादव ने खुद 130 मीटर रोड, सेक्टर-2 और सेक्टर-3 समेत कई प्रमुख इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि ब्लैक स्पॉट को तुरंत दुरुस्त किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परियोजना विभाग की टीम रोड मार्कर, कैट्स आई, सेंट्रल वर्ज की दीवारों पर पेंट और रिफ्लेक्टर लगाने का कार्य कर रही है। जिन नालों पर दीवार नहीं है, वहां बेरिकेटिंग की जा रही है। इसके अलावा मुख्य मार्गों से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों पर स्पीड ब्रेकर भी लगाए जा रहे हैं।


स्ट्रीट लाइट, निर्माण साइट और शपथ पत्र पर भी सख्ती
प्राधिकरण ने विद्युत अभियांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए हैं कि किसी भी सड़क पर अंधेरा न रहे और सभी स्ट्रीट लाइटों की जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जाए। वहीं, बिल्डरों को भी अपनी निर्माणाधीन साइटों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि सभी वर्क सर्किल को शपथ पत्र देना होगा, जिसमें यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके क्षेत्र में सभी दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम कर दिए गए हैं। साथ ही वाहन चालकों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *