फेमस होने के लिए बच्चे की जिंदगी से खेलने लगे रीलबाज, पुलिस ने लिया सख्त एक्शन, पूरा मामला जान दंग रह जाएंगे आप!

top-news
ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया रील के लिए लग्जरी कार के बोनट पर बच्चे को लिटाकर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल हो रहा है। इसको लेकर पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आइए पूरा मामला जान लेते हैं।

ग्रेटर नोएडा में सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने की सनक ने एक मासूम बच्चे की जान को खतरे में डाल दिया। बिसरख थाना क्षेत्र में एक लग्जरी अवंति कार के बोनट पर बच्चे को लिटाकर सड़क पर गाड़ी दौड़ाने का मामला सामने आया है। इस खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया।


रील बनाने के चक्कर में बच्चे की जान जोखिम में
जानकारी के मुताबिक, बिसरख थाना क्षेत्र में लग्जरी अवंति कार के बोनट पर एक बच्चे को लिटाकर गाड़ी चलाई जा रही थी। कार में तेज म्यूजिक बजाया जा रहा था और इस दौरान रील बनाई जा रही थी। आसपास मौजूद लोगों ने भी इस खतरनाक स्टंट का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि तेज रफ्तार कार के बोनट पर बच्चा लेटा हुआ है, जिससे उसकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था।


वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने की कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। बिसरख थाना पुलिस ने कार चालक अंकितपाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अंकितपाल गौर सिटी-2 के 12 एवेन्यू स्थित ए टावर का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में मोटर वाहन अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।


सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निकले आरोपी और बच्चा
पुलिस जांच में सामने आया है कि कार चालक और कार के बोनट पर लेटा बच्चा दोनों ही सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। वे इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर लाइक, कमेंट और फॉलोअर्स बढ़ाना चाहते थे। बोनट पर लेटा बच्चा सोशल मीडिया पर ‘छोटा राजपाल’ के नाम से जाना जाता है और अक्सर रील्स बनाता है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के स्टंट न सिर्फ गैरकानूनी हैं, बल्कि मासूम बच्चों की जान के साथ खिलवाड़ भी हैं।


पुलिस ने दी सख्त चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया के लिए इस तरह के जानलेवा स्टंट किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। लोगों से अपील की गई है कि लाइक और व्यूज के चक्कर में कानून और सुरक्षा को नजरअंदाज न करें, वरना सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *